शिक्षक भर्ती परीक्षा-2022 के दूसरे दिन रविवार को सुबह साढ़े नौ बजे परीक्षा शुरू हुई। पहले दिन प्रदेश के अलग-अलग शहरों में नकल कराने वालों की धरपकड़ के बाद दूसरे दिन प्रशासन और मुस्तैद नजर आया। परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। इस दौरान जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात रहे। प्रवेश के समय वीडियोग्राफर भी पूरी मुस्तैदी के साथ लगे रहे। सुबह की पारी के लिए 8.30 बजे से एंट्री बंद कर दी गई। देरी से भी पहुंचे कैंडिडेट्स को सेंटर में प्रवेश नहीं दिया गया।
वहीं, अजमेर के सम्भागीय आयुक्त बी.एल. मेहरा की ओर से अजमेर, भीलवाड़ा और टोंक में रविवार को भी सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक इंटरनेट सेवा बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। रविवार सुबह 9.30 से दोपहर 12 तक की पारी में 66 केंद्रों पर परीक्षा हो रही है। इस पारी में 21 हजार 900 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं। रविवार दोपहर तीन बजे से शाम 5.30 बजे तक 40 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी। इस पारी में 12 हजार 500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। अभ्यर्थी केंद्र पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे कि मोबाइल, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर भी नहीं ला सकते हैं। ऐसे में अगर इनमें से कोई भी वस्तु अगर अभ्यर्थी के पास मिली। तो उसके खिलाफ अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम 1992 के तहत कार्रवाई होगी।
सरकार ने अभ्यर्थियों की सुविधा का रखा ध्यान
सरकार ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों में फ्री सफर की सुविधा भी दी है। अभ्यर्थियों के आने-जाने में कोई परेशानी न हो इसके लिए सरकार ने ये सुविधा अभ्यर्थियों को दी है। इसके तहत राजस्थान सीमा में 24 फरवरी से 2 मार्च तक अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर प्रदेश में कहीं भी फ्री में सफर कर सकेंगे। हालांकि यह सुविधा सिर्फ राजस्थान रोडवेज कि ब्लू लाइन बसों में ही मिलेगी।
इन पदों पर होगी भर्ती
- प्राइमरी स्कूल टीचर - 21,000 पद
- टीचर लेवल - 2 (हिंदी) - 3176 पद
- टीचर लेवल - 2 (पंजाबी) - 272 पद
- टीचर लेवल - 2 (संस्कृत) - 1808 पद
- टीचर लेवल - 2 (उर्दू) - 806 पद
- टीचर लेवल - 2 (सोशल स्टडीज) - 4172 पद
- टीचर लेवल - 2 (सिंधी) - 9 पद
- टीचर लेवल - 2 (अंग्रेजी) - 8782 पद
- टीचर लेवल - 2 (साइंस/मैथ्स) - 7435 पद