अजमेर के युवक की यूपी में हत्या
- फोटो : Social Media
छह महीने पहले अजमेर के हिस्ट्रीशीटर की पत्नी को एक युवक भाग ले गया। हिस्ट्रीशीटर को भगाने के आरोपी युवक की उत्तर प्रदेश में निर्मम हत्या कर दी गई। उसका शव अलवर गेट थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद से बरामद किया है।
हत्यारों ने नितेश नैन की हत्या के बाद उसे फिरोजाबाद में ही जमीन में दफना दिया। उसे जिस जगह दफनाया गया, वहां हत्यारों ने कमरा बना दिया। पुलिस ने कमरे की जमीन खुदाई करवाकर शव को बरामद किया। पुलिस ने तीन संदिग्धों से पूछताछ की तब वारदात का खुलासा हुआ।
अलवर गेट थाना पुलिस रविवार सुबह नितेश नैन के शव को अजमेर लेकर पहुंची और शव जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाएगी। सूचना मिलते ही नितेश के परिजन और रिश्तेदार भी मोर्चरी पहुंच गए। पुलिस मामले में कुछ ही घंटों में खुलासा करने की तैयारी में जुटी है। पुलिस ने प्रकरण में करीब चार जनों को हिरासत में लिया है।
पिता ने शिकायत में यूपी ले जाने का शक किया था जाहिर
धोलाभाटा निवासी सरस्वती नगर निवासी सेवानिवृत शिक्षा अधिकारी प्रेमचन्द नैन ने रिपोर्ट दी कि लम्बे समय से हिस्ट्रीशीटर हरि लंगड़ा उर्फ हरी उसके परिवार को परेशान कर रहा है। रिपोर्ट में बताया कि उसके बेटे नितेश नैन से उसकी और उसके परिवार की मोबाइल पर रोज बात होती थी लेकिन अब उसका फोन बंद आ रहा है। पीड़ित पिता ने उसे यूपी ले जाने का शक जाहिर किया था।
नितेश ने जान को खतरा होने की बात घरवालों को बताई
प्रेमचंद नैन ने बताया कि 4 दिन पहले 31 जनवरी को नितेश के बड़े भाई हेमन्त नैन से मोबाइल फोन पर बातचीत में नितेश ने कुन्दन नगर निवासी मनोज यादव और यूपी के कुछ बदमाश उसके पीछे लगने की बात कही थी। उसमें एक इटावा का भी रहने वाला है। नितेश ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर हरि लंगड़ा के कहने पर ही उसका पीछा कर रहे है। उसने जान को खतरा होने की बात कही थी। उसीके बाद से नितेश का मोबाइल बंद आ रहा है।
हिस्ट्रीशीटर की पत्नी को भगा ले गया था
नैन ने बताया कि हरि लंगड़ा जेल से जमानत पर निकलने के बाद से लगातार धमकी दे रहा था। इससे पहले भी वह कई बार हमला कर उसके परिवार को नुकसान पहुंचा चुका है। जिसकी रामगंज और अलवर गेट थाने में मुकदमा भी दर्ज है। नीतेश धोलभाटा में अपने एक रिश्तेदार के यहां रह रहा था। इसी दौरान वह हिस्ट्रीशीटर हरिशंकर उर्फ हरि लंगड़ा की पत्नी को भगा ले गया। इसको लेकर हिस्ट्रीशीटर ने गंज थाने में मामला भी दर्ज कराया था।