आबूरोड के सांतपुर गांव के सार्वजनिक तालाब में अज्ञात कारणों से हो रही मछलियों की मौत से फैली बदबू ने आसपास के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मामले में ग्राम पंचायत एवं पंचायत समिति प्रशासन को कई बार बताने के बाद भी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया, जिससे अब बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
आबूरोड शहर से सटे सांतपुर गांव के सार्वजनिक तालाब में बीते कई दिनों से अकारण मछलियों की मौत हो रही है। सोमवार को तो तालाब में मरने वाली मछलियों की संख्या सैकड़ों में पहुंच गई। लगातार मछलियों के मरने से बदबू फैलने से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन
ग्रामीणों के अनुसार तालाब में बीते कई दिनों से मछलियां मरने का सिलसिला जारी है। सोमवार को तो अचानक से इनकी संख्या में और इजाफा हो गया। लोगों ने ग्राम पंचायत एवं आबूरोड पंचायत समिति के जिम्मेदार अधिकारियों को इस बारे में बताया लेकिन किसी ने मामले की सुध लेने की जरूरत नहीं समझी। उधर बदबू के चलते आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है तथा बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है।