आप कार्यकर्ताओं की पुलिस ने खदेड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अजमेर दौरे का आम आदमी पार्टी ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ताओं ने मोदी की सभा में दूर से काला कपड़ा दिखाया गया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़कर खदेड़ दिया।
आप के प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट के बाहर पीएम मोदी के विरोध में नारेबाजी कर काले झंडे दिखाए। विरोध करने पहुंचे कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस ने बल प्रयोग कर मारपीट भी की। इससे जाहिर होता है कि देश में अब विरोध करने का संवैधानिक अधिकार भी नहीं रहा। पालीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्त्ता प्रधानमंत्री से दिल्ली सरकार के खिलाफ लाए गए अध्यादेश को वापस लेने की मांग कर रहे थे। कार्यकर्त्ता देश के प्रधानमंत्री से दिल्ली की जनता का हक मांगने आए थे।
प्रदेश अध्यक्ष पालीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री अजमेर में झूठ का बड़ा पुलिंदा फेंककर गए हैं। गैस कनेक्शन को लेकर पीएम के आंकड़े झूठे हैं, क्योंकि अधिकांश लोगों ने सिलेंडर महंगा होने के कारण भरवाना ही छोड़ दिया और ट्रेडिशनल तरीके से अपना काम चला रहे हैं। प्रधानमंत्री किस मुंह से राजस्थान आकर किसानों और पानी की योजना की बात कर रहे हैं। हकीकत यह है कि राजस्थान में उनकी योजना के नलों में पानी नहीं आता है। प्रदेश की जनता अभी भी बूंद-बूंद के लिए तरस रही है। जल जीवन योजना भी केंद्र और राज्य की मिलीभगत से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है।