राज्य का एक गांव पिछले कुछ माह के दौरान अचानक ही सुर्खियों में आ गया हैं कारण है यहा लगातार मिल रहें ऐतिहासिक सोने के सिक्के। इन सिक्कों की चमक ने पहले गांववालों को चकाचौंध किया फिर सोने की चमक ने पुलिस प्रशासन और भारतीय पुरातत्व विभाग को भी चकाचौंध कर दिया है। यह सब घटित हो रहा है टोंक जिले के जनकपुरिया गांव में। पिछले तीन माह में सरकारी आंकड़ों के अनुसार यहां के डाबाडिया नाला से 195 सोने के सिक्के मिल चुके हैं।
माना जाना जा रहा है कि सिक्कों की संख्या काफी अधिक है। क्योंकि सिक्के मिलने का सिलसिला पिछले वर्ष अगस्त से चल रहा है। लेकिन पुलिस प्रशासन ने जब इसे अफवाह मानकर ध्यान नहीं दिया था। लेकिन जब दिसंबर में पुलिस को इस सबंध मे सबूत मिले तो आनन फानन में सबंधित साइट पर धारा 144 लागू की गई व सुरक्षा की व्यवस्था की गई। इसके बाद मामले से भारतीय पुरातत्व विभाग को भी अवगत कराया गया।
यहां से मिले सोने के सिक्कों के बारें में जब जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि यह गुप्त काल के सिक्के है। पुलिस के अधिकारी बताते है कि यहां से मिले सिक्कों की संख्या काफी अधिक है। लेकिन ग्रामीणों ने यहां से मिले सिक्के बड़ी संख्या में बेच दिए है। अब पुलिस की ओर से इस मामलें में एक विशेष टीम का गठन किया है। जों कि इस बात की जानकारी जुटा रही हैं कि सिक्के कहां—कहां बेचे गए है। पुलिस की विशेष टीम ने गुजरात, मुम्बई, इंदौर के साथ कई अन्य स्थानों से भी बेचे गए सिक्के बरामद किए है।