एजुकेशन हब कोटा में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। तलवंडी रोड पर मंगलवार को रात करीब 11:30 बजे लुटेरों ने एक डॉक्टर के घर पर धावा बोला जिसके बाद उन्होनें पहले तो घर में सो रही डॉक्टर की 69 वर्षीय पत्नी का गला घोंट कर उनकी हत्या कर दी और उसके बाद घर में रखी नकदी,जेवरात और कीमती सामान उन्हीं की कार में रखकर ले उड़े।
जानकारी के अनुसार तलवंडी रोड निवासी नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ.एमएस सिंघवी के घर में अज्ञात लुटेरे घुस आए और डॉ.सिंघवी की पत्नी प्रेमलता का बेल्ट से गला घोंट दिया और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। पुलिस के अनुसार लाश देखने के बाद ऐसा लग रहा था कि प्रेमलता ने बदमाशों से खूब संघर्ष किया होगा। प्रेमलता को कमरे में बंद करने के बाद बदमाशों ने घर में रखी सारी नकदी और जेवर उड़ा लिए और घर के आहते में खड़ी होंडा सिटी कार में सारा सामान धरकर उसे भी ले उड़े।
बताया जाता है कि प्रेमलता इस घर में अपने बेटे पुनीत के साथ अकेली रह रही थी और घटना के समय पुनीत अपनी बहन पूजा के पास उदयपुर गया हुआ था।