प्रदेश के बूंदी जिले में एक बार फिर मोर का शिकार करने की घटना सामने आई है। बूंदी रेंज के मायजा में नदी किनारे छह मोर मृत मिले हैं इनमें दो नर और चार मादा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मायजा नदी के किनारे कुछ लोग अलग—अलग झुंड बनाकर राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार करने के लिए जुटे थे। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग की टीम को दी। सूचना पर जैसे ही विभागीय टीम दस्ते के साथ मौके पर पहुंची तो शिकारी फरार हो गए।
टीम को मौके पर 6 मोर मृत मिले, जिनकी गर्दन टूटी हुई थी। यह देख विभाग की टीम इन्हें बूंदी पशु चिकित्साालय में लेकर आई जहां इनका पोस्टमार्टम कराया गया। सहायक वन संरक्षक घनश्याम गुप्ता ने बताया कि बूंदी रेंज वन विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि मायजा नदी क्षेत्र में कुछ लोग मोर का शिकार करने की फिराक में है। इस पर वे तुरंत अपनी के साथ मौके पर पहुंचे तो शिकारी वहां से भाग गए।
वनकर्मियों को चार मादा और दो नर मोर मृत मिले हैं जिनकी गर्दन टूटी हुई थी। सभी मृत मोरों का पोस्टमार्टम कराने के इन्हें दफना दिया गया है। वन विभाग की टीम शिकारियों की तलाश में जुटी है।