पंजाब के मुकेरियां के भंगाला से पठानकोट बस से आ रही महिला और उसका तीन साल बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। महिला लक्ष्मी (30) और भाविक (3) निवासी खानपुर चौक पठानकोट बुधवार शाम से लापता हैं। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी मां-बेटे कोई सुराग नहीं मिला है। दोनों को एक नहीं बल्कि तीन अलग-अलग थानों की पुलिस ढूंढ रही है।
दूसरी तरफ परिवार और पुलिस ने मां-बेटे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की हैं, ताकि उनका कोई सुराग मिल सके। हैरानी की बात ये है कि एक सप्ताह के भीतर पठानकोट में लोगों के लापता होने का यह दूसरा मामला है।
अनिल कुमार ने बताया कि वह प्राइवेट अस्पताल में नौकरी करता है। उसकी उनकी पत्नी लक्ष्मी बेटे भाविक के साथ लगभग 10 दिन पहले मुकेरियां के गांव भंगाला गई थी। बुधवार शाम पांच बजे पत्नी ने फोन करके कहा था कि वे प्राइवेट बस से घर वापस आ रहे हैं और पठानकोट बस स्टैंड में उसे लेने आ जाए। अनिल ने कहा कि अस्पताल में काम ज्यादा होने की वजह से वह पत्नी को लेने बस स्टैंड जाना भूल गया।
अनिल ने शाम को पत्नी को फोन किया तो उसका नंबर बंद आया। पिता को शाम 7:30 बजे फोन कर पूछा कि क्या लक्ष्मी घर आ गई है तो उन्होंने कहा अभी नहीं पहुंची। अनिल ने अपने ससुराल में फोन करके पूछा तो उन्होंने बताया कि लक्ष्मी के चाचा का लड़का उन्हें भंगाला बस स्टैंड छोड़ आया था। उसके बाद लक्ष्मी का फोन भी बंद आने लगा है। अनिल ने कहा कि जब बस के कंडक्टर से पूछा तो उससे भी पत्नी और बेटे के बारे में कुछ खास जानकारी नहीं मिली।
तीन पुलिस स्टेशनों को लापता होने की सूचना दी
अनिल ने लापता हुई अपनी पत्नी और बेटे की सूचना पठानकोट के पुलिस स्टेशन शाहपुरकंडी और थाना डिवीजन नंबर.1 को शिकायत दर्ज करवा दी है। वहीं, उन्होंने भंगाला पुलिस स्टेशन को भी पत्नी और बेटे के गुम होने की सूचना दी है। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।