सुनाम में टंकी पर चढ़े मुलाजिम
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
जल सप्लाई व सेनिटेशन कांट्रेक्ट वर्कर यूनियन के सदस्यों ने कई मांगों को लेकर गुरुवार को सुनाम और लहरागागा के पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष जताया। आंदोलन कर रहे यूनियन सदस्यों ने बताया कि उन्हें पिछले चार माह से वेतन नसीब नहीं हुआ है। सरकार उन्हें रेगुलर करने की योजना को लागू नहीं कर रही है। दो वर्ष का एरियर भी बकाया है।
गुरुवार सुबह 11 बजे सुनाम में आईटीआई परिसर में बनी पानी की टंकी पर धन सिंह, सतनाम सिंह, सतगुर सिंह और अमनदीप सिंह चढ़ गए। जबकि शेष यूनियन सदस्य धरने पर बैठ गए। इस दौरान सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। धरने पर बैठे मदन सिंह, जसकरण सिंह और लखविन्द्र सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार उनके साथ दुश्मन की तरह व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार की तरफ से ठोस भरोसा नहीं मिलता या प्रदेश यूनियन का फैसला नहीं आता तब तक आंदोलन जारी रहेगा। लहरागागा में भी आंदोलन जारी है।
बठिंडा: वेतन न मिलने से खफा ठेका कर्मी पानी की टंकी पर चढ़े
पिछले दो माह से वेतन न मिलने से खफा स्वरूप वाटर सप्लाई सैनिटेशन विभाग के ठेका कर्मी गुरुवार को पानी की टंकी पर चढ़ गए। इसके बाद जिला प्रशासन के हाथ पांव फूल गए और पुलिस मौके पर पहुंच गई। ठेका कर्मियों ने पानी की टंकी पर चढ़कर पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों के साथी मनजीत सिंह ने बताया कि दो माह से वाटर सप्लाई सैनिटेशन विभाग के कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने के कारण गुरुवार को उनके द्वारा पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस समय प्रदर्शनकारियों ने जहां पानी की टंकी पर चढ़कर सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया, वहीं प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले करीब दो माह का उन्हें वेतन नहीं मिला। इस कारण उनको सभी त्योहार बिना वेतन के मनाने पड़े हैं। सरकार वेतन को लेकर किसी तरह की कोई भी बातचीत नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि वेतन न मिलने कारण उनको आर्थिक मंदी का सामना करना पड़ रहा।