होशियारपुर में गाड़ी पर चढ़कर नाचता पार्षद।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
होशियारपुर नगर निगम कार्यालय परिसर में आम आदमी पार्टी के पार्षद अपने साथी के साथ तेज आवाज में म्यूजिक बजा गाड़ी की छत पर चढ़कर नाचने लगे। जोर-जोर से बजते पंजाबी गीतों की आवाज सुनकर निगम कर्मी भी बाहर निकल आए और पार्षद का वीडियो बनाने लगे। कार्यालय समय के दौरान वीडियो बनाने के सवाल पर वार्ड नंबर 40 के आप पार्षद अनमोल जैन का कहना है कि वे फेसबुक पर पोस्ट करने के लिए वीडियो बना रहे हैं। क्या मैं एंजॉय करना छोड़ दूं।
पार्षद अनमोल जैन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और पहले यू ट्यूब पर वह अपने कई मजाकिया वीडियो पोस्ट करते रहे हैं जो अक्सर चर्चा में रहते थे। अब पिछले कुछ समय से वह यू ट्यूब पर तो नहीं हैं लेकिन फेसबुक पर काफी सक्रिय हैं। निगम कर्मियों द्वारा अपने मोबाइल से बनाए गए वीडियो जल्दी ही वायरल हो गए और देखते ही देखते शहर में चर्चा का सबब बन गए।
जब पार्षद ये सब कर रहे थे उस वक्त कार्यालय में काम चल रहा था और बड़ी संख्या में कर्मचारी व अन्य लोग वहां उपस्थित थे। इस बारे में पार्षद अनमोल जैन से फोन पर बात की गई तो उनका कहना था कि वह फेसबुक पर पोस्ट करने के लिए अपनी वीडियो बना रहे थे और एंजॉय कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह इस वीडियो को अच्छी तरह से एडिट करने के बाद सुबह फेसबुक पर पोस्ट करेंगे। जब उनसे पूछा गया कि निगम कार्यालय में काम के समय के दौरान इस तरह ऊंची आवाज में म्यूजिक बजाकर वीडियो शूट करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो उनका कहना था कि लोग तो कहते ही रहेंगे तो क्या हम एंजॉय भी न करें। उनका कहना था कि मैं पार्षद बन गया तो क्या एंजॉय करना छोड़ दूं, वीडियो न बनाऊं। इससे अच्छा तो मैं एमसी न ही बनता। अगली बार तो चुनाव नहीं लड़ूंगा।