देशभक्ति के नारों से गूंज उठती है ट्रेन
रेलवे प्रशासन फिरोजपुर छावनी से हुसैनीवाला के लिए यह विशेष ट्रेन चलाता है, ताकि लोग शहीदों को श्रद्धांजलि दे सकें। यदेश के अलग-अगल हिस्सों से यहां हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। इस 10 किलोमीटर के सफर में लोग देश सेवा के जज्बे से भर जाते हैं। जैसे-जैसे ट्रेन हुसैनीवाला के नजदीक पहुंचने लगत है, पूरी फिजा में देशभक्ति के नारे गूंजने लगते हैं।
शहीदों की समाधि के लिए भारत ने पाकिस्तान को दिए थे 12 गांव
इस समाधि स्थल की कहानी भी बहुत रोचक है। बंटवारे के दौरान यह हिस्सा पाकिस्तान में चला गया था। इसे हासिल करने के लिए भारत ने पाकिस्तान को फाजिल्का के 12 गांव दिए थे। उनके बदले में हुसैनीवाला भारत की सीमा में आ पाया था। यहां रोज रिट्रीट सेरेमनी भी होती है।
सतलुज ब्रिज के पास हर साल लगता है शहीदी मेला
शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का शहीदी दिवस पर प्रत्येक वर्ष 23 मार्च को मनाया जाता है। इस मौके पर हर साल हुसैनीवाला में सतलुज ब्रिज के पास शहीदी मेला लगता है। रेलवे की तरफ से हर वर्ष मेले में आने जाने वाले लोगों के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाती है। 23 मार्च को फिरोजपुर कैंट और हुसैनीवाला के बीच 6 जोड़ी शहीदी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। फिरोजपुर कैंट और हुसैनीवाला के बीच शहीदी मेला स्पेशल ट्रेन संख्या सुबह 09:00 बजे, सुबह 10:30 बजे, सुबह 11:55 बजे, दोपहर 1:50 बजे, दोपहर 3:30 बजे और शाम 5:00 बजे चलाई जाएंगी। वापसी में हुसैनीवाला और फिरोजपुर कैंट के बीच शहीदी मेला स्पेशल ट्रेन संख्या सुबह 09:40 बजे, सुबह 11:10 बजे, दोपहर 12:45 बजे, दोपहर 2:40 बजे, शाम 4:20 बजे और शाम 6:00 बजे चलाई जाएंगी। ये रेलगाड़ियां मार्ग में फिरोजपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।