दिल्ली में आम आदमी पार्टी की जीत और केजरीवाल वर्किंग स्टाइल से शिअद भी सकते में आ गया है। हमेशा इंडस्ट्री की नाराजगी झेलने और सुध न लेने के आरोपों से घिरे डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने वीरवार को जालंधर के एक होटल में इंडस्ट्री और ट्रेडर्स के दो सदस्यीय शिष्टमंडल से मुलाकात की।
डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने आश्वासन दिया कि वैट रिफंड और कामर्शियल प्रापर्टी टैक्स में उनकी बात पूरे ढंग से सुनी जाएगी और पूरी भी की जाएगी।
शिष्टमंडल में इंडस्ट्री व ट्रेडर्स एक्शन कमेटी के गुरशरण सिंह और रंजीत सिंह भी शामिल थे। जिक्रयोग है कि इससे पहले भी इंडस्ट्री व ट्रेडर्स ने 30 जून को डिप्टी सीएम सुखबीर बादल से मुलाकात की थी, जहां पर ई-ट्रिप व वैट रिफंड मुख्य मुद्दा था।
अभी तक इंडस्ट्री यह आरोप लगा रही थी कि उनकी मांगों को माना ही नहीं गया। वादाखिलाफी हो गई और इंडस्ट्री व ट्रेडर्स एक्शन कमेटी पिछले 14 दिनों से जालंधर में लगातार हड़ताल पर थी। रोजाना तीन घंटे तक बंद कर प्रदर्शन किए जा रहे थे।
भाजपा के तीनों विधायकों ने जहां दो दिन पहले इंडस्ट्री से मुलाकात कर भाजपा ने मांगों को पूरा करने के लिए चंद दिनों का समय मांगा वहीं वीरवार को डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने इंडस्ट्री के शिष्टमंडल को अचानक न्यौता भेज दिया।
इंडस्ट्री की तरफ से हैंड टूल निर्यातक एसोसिएशन के प्रधान गुरशरण सिंह व रंजीत सिंह होटल में पहुंचे। सुखबीर ने उनकी मांगों को गौर से सुना और आश्वासन दिया कि वैट रिफंड का बैक लॉग क्लीयर कर दिया जाएगा और कामर्शियल प्रापर्टी टैक्स के मुद्दे पर वह जल्द ही समाधान करेंगे।