पंजाब के मुक्तसर जिले में मुक्तसर, मलोट एवं लंबी विधानसभा हलके में जहां आप का परचम लहराया। वहीं गिदड़बाहा हलके में कांग्रेस का झंडा बुलंद रहा। हालांकि गिदड़बाहा हलके से कांग्रेस प्रत्याशी अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग इस बार बड़ी मुश्किल व अपनी अच्छी किस्मत के चलते अपनी सीट बचा सके। मगर बाकी तीन सीटों पर आप का झाड़ूू पूरी तरह से फिर गया।
मुक्तसर आम आदमी के जगदीप सिंह काका बराड़ ने शिअद के मौजूदा विधायक कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी को 33,410 मतों के अंतर से हराया। मलोट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. बलजीत कौर ने शिअद के प्रत्याशी हरप्रीत सिंह कोटभाई को 39,722 मतों से हराया। लंबी से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी गुरमीत सिंह खुड्डियां ने शिअद के पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल को 11,396 मतों के अंतर से हराया।
गिदड़बाहा से कांग्रेस प्रत्याशी अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शिअद प्रत्याशी हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों को 1,380 मतों से हराया। हालांकि शिअद प्रत्याशी डिंपी ढिल्लों शुरू से ही कई राउंड तक राजा वड़िंग से आगे चलते रहे, जिससे एकबारगी तो राजा वड़िंग की सीट जाती नजर आ रही थी। मगर जाते-जाते महज 1,380 मतों के अंतर से राजा वड़िंग गिदड़बाहा हलके से दोबारा चुनाव जीतकर विधायक बन गए।
फरीदकोट जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों से विजयी उम्मीदवार
फरीदकोट विधानसभा सीट
आप के गुरदित्त सिंह सेखों ( 53484) ने शिअद के परमबंस सिंह बंटी रोमाणा (36687) को 16797 मतों से हराया
कोटकपूरा
आप के कुलतार सिंह संधवां( 54009) ने कांग्रेस के अजयपाल सिंह संधू ( 32879) को 21130 मतों से हराया
जैतो
आप के अमोलक सिंह (60242) ने शिअद के सूबा सिंह बादल (27453) को 32789 मतों से हराया
अबोहर से कांग्रेस के संदीप जाखड़ विजयी
अबोहर विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार संदीप जाखड़ चुनाव जीत गए हैं। उन्हें यहां से 49924 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी आम आदमी पार्टी के दीप कंबोज को 44453 भाजपा के मौजूदा विधायक अरुण नारंग को 21534 तथा अकाली दल के डॉ. महिंद्र रिणवा को 14345 वोट मिले। संदीप जाखड़ की जीत का एलान होते ही उनके समर्थकों ने एक दूसरे को बधाई दी और मिठाइयां बांटकर मुंह मीठा करवाया।
पूरे पंजाब में आम आदमी पार्टी की लहर होने के बावजूद अबोहर के लोगों ने विकास में विश्वास जताते हुए जमकर संदीप जाखड़ के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाया है। संदीप जाखड़ की कार्यशैली ने उन्हें अबोहर में जन-जन का लोकप्रिय बना दिया था।
पिछले 5 वर्षों से अबोहर की बिगड़ी हुई आभा को सुधारने में लगे संदीप जाखड़ को विजयी बनाकर अबोहर के लोगों ने जता दिया कि लोग वादों में नहीं विकास में विश्वास रखते हैं। संदीप जाखड़ की शानदार जीत पर पूरे शहर में जश्न का माहौल है। शहर भर में पटाखे चलाकर संदीप जाखड़ की जीत का जश्न मनाया जा रहा है।