रामतीर्थ पहुंचे सीएम भगवंत मान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मंगलवार को अमतृसर पहुंचे और भगवान बाल्मीकि के रामतीर्थ में नतमस्तक हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि धर्म के लोगों को धर्म ही चलाना चाहिए। राजनीति करने वालों को धर्म में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि भगवान बाल्मीकि रामतीर्थ कमेटी की प्रशासनिक तौर पर कई मांगे हैं। वह कमेटी के चेयरमैन है और जल्दी ही कमेटी की बैठक बुलाएंगे। उन्होंने कहा कि हमने चुनावों के दौरान शिक्षा और सेहत पर गारंटी दी। इसलिए हमने पंजाब में शिक्षा का बजट 16 फीसदी और सेहत का बजट 22 फीसदी बढ़ा दिया है। आने वाले दिनों में हम गांव स्तर पर गांव क्लीनिक और शहरों में मोहल्ला क्लीनिक शुरू होंगे।
विधानसभा सत्र में एक पेंशन को लेकर विरोधी पक्ष की तरफ से आवाज उठाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर किसी को कोई जॉब पसंद नहीं है तो उसके लिए आवेदन क्यों करें। अब तो एमएलए को एक वेतन या एक पेंशन संबंधी एक्ट भी पास हो गया है। सीमांत इलाकों के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि हमारे लिए बॉर्डर इलाके और चंडीगढ़ में कोई फर्क नहीं है। हम पंजाब के हर इलाके का बराबर विकास करेंगे। उन्होंने कहा कि बीएसएफ के साथ हम सहयोग कर रहे हैं और एनआईए के साथ भी सहयोग किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा पंजाब सिर्फ हत्यारों से ही सुरक्षित नहीं होना चाहिए बल्कि नक्शे से भी सुरक्षित होना चाहिए। पंजाब सरकार इसके लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है।