आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में केस दर्ज हुआ है। थाना फेज-एक में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर केस दर्ज किया गया है। एसएसपी हरजीत सिंह ने बताया कि आईपीसी की धारा-188 के तहत केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की तरफ आप के खिलाफ निर्वाचन आयोग को शिकायत दी गई थी। उनका आरोप था कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया। अकाली दल के उपाध्यक्ष द्वारा चुनाव आयोग को इस संबंधी एक वीडियो भी सौंपा गया था।
शिअद की तरफ से तर्क दिया गया था कि दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने शिरोमणि अकाली दल के समर्थकों को वीडियो संदेश जारी कर गुमराह करने की कोशिश की थी। साथ ही उनकी छवि खराब करने की कोशिश की थी। इस पर पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा है कि क्लिप को राज्य स्तरीय समिति की ओर से अप्रूव नहीं किया गया था।
जिक्रयोग है कि इससे पहले भी मोहाली पुलिस को दिल्ली के कांग्रेस नेता संजीव दीक्षित की तरफ से दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दी गई थी। साथ ही उन पर केस दर्ज करने की मांग की गई थी। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा था कि खालिस्तानी समर्थकों से सीएम के संबंधों की जांच होनी चाहिए।