कैप्टन अमरिंदर ने प्रदर्शनकारी किसानों पर बल प्रयोग की निंदा की
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को फिरोजपुर के जीरा में मंसूरवाल गांव में एक डिस्टिलरी के बाहर प्रदर्शनकारी किसानों के खिलाफ बल प्रयोग करने की निंदा की है। कैप्टन अमरिंदर ने एक बयान में कहा, ‘प्रदर्शनकारी किसानों के खिलाफ बल प्रयोग कोई समाधान नहीं है, आपको उनकी चिंताओं को सुनने की जरूरत है।’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि निसंदेह डिस्टलरी के रास्ते को खोलने के लिए कोर्ट के आदेश थे लेकिन पुलिस और स्थानीय प्रशासन किसानों से बातचीत कर शांतिपूर्ण तरीके से ऐसा कर सकते थे। कैप्टन ने कहा कि किसानों की आशंकाएं पिछले अनुभव पर आधारित हैं क्योंकि औद्योगिक कचरे से भूजल दूषित होता है जिससे कैंसर सहित विभिन्न बीमारियां होती हैं। क्षेत्र के लोग तरह-तरह की बीमारियों से ग्रसित हैं।
जीरा में किसानों पर बल प्रयोग सहन नहीं: कांग्रेस
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने राज्य सरकार से जीरा के निकट शराब फैक्टरी के बाहर प्रदर्शन कर रहे किसानों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी किसानों के विरुद्ध किसी भी तरह के बल प्रयोग को सहन नहीं किया जाएगा। राजा वड़िंग ने पंजाब सरकार पर हालात को बिगड़ने देने का आरोप लगाया। जिसकी वजह से यह टकराव हुआ है।
उन्होंने कहा कि किसानों की आशंका सही है कि शराब फैक्टरी से निकलने वाली गंदगी भूजल को प्रदूषित कर सकती है, जिसे लेकर सरकार को शुरुआत में ही कार्रवाई करनी चाहिए थी। वड़िंग ने हाईकोर्ट की उस सलाह का स्वागत किया कि वह एक कमेटी के गठन का आदेश दे सकती है जो किसानों की शंकाओं पर जांच करेगी कि क्या फैक्टरी से निकलने वाला पदार्थ भूजल को प्रदूषित करेगा या नहीं।