पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी शनिवार को महिलकलां और भदौड़ के बाद बरनाला के मैरीलैंड पैलेस में रखे एक सरकारी समागम में चेक वितरित करने पहुंचे। इस दौरान बेरोजगार, कच्चे मुलाजिमों, एनआरएचएम और आंगनबाड़ी वर्करों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री चन्नी का विरोध किया और समागम वाली जगह मैरीलैंड में पहुंचने का रास्ता जाम करके बैठ गए। पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर जाम हटवाया। इस दौरान बेरोजगारों व कच्चे मुलाजिमों की पुलिस के साथ काफी झड़प हुई।
जब मुख्यमंत्री चन्नी महिलकलां में पहुंचे तो बेरोजगारों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। जब चन्नी भदौड़ में कस्बा तपामंडी पहुंचे तो कच्चे अध्यापक अपनी मांगों के लिए पानी वाली टंकी पर चढ़ गए। एक अध्यापक ने अपने हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल पकड़ी हुई थी। वहीं सीएम चन्नी ने कहा कि ऐसे विरोध करने से कोई बात नहीं बनने वाली, वह 24 घंटे लोगों की सेवा में हाजिर हैं, उनको आकर मिलो, वह सभी की मांगें पूरी करेंगे।
समागम में मुख्यमंत्री चन्नी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया, वहीं उन्होंने सुखबीर बादल को सीधी चेतावनी देते कहा कि बेअदबी, भ्रष्टाचार और पंजाब को लूटने का हिसाब तो देना ही होगा। चन्नी ने कहा कि वह गरीब जरूर हैं, लेकिन कमजोर सीएम नहीं है। इसलिए एक-एक बात का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेअदबियों के मामले में सख्त सजाएं देने के लिए कानून अपना काम कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बादलों, कैप्टन अमरिंदर सिंह व भाजपा का अंदरूनी तौर पर गठजोड़ बना हुआ था, जो सामने आ गया है। तीनों ने मिलकर पंजाब ही नहीं, पूरे देश को तबाह किया है। देश के अन्नदाता किसान की शहादत ली। मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि पहले के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बारे में लोग कहते थे कि वह जागते कब हैं, जबकि मेरे बारे में लोग कहते हैं कि चन्नी सोते कब हैं, बस यही फर्क है मेरे और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बारे में मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि वह केजरीवाल की तरह झूठी गारंटियां नहीं देते न ही उनकी तरह हवाई एलान करते हैं, बस पंजाब की जनता को काम करके दिखाता हूं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पेट्रोल-डीजल, रेत इत्यादि सस्ता करते दिखाया है, एलान नहीं किया और उसके बाद केबल माफिया की कमर तोड़ी है। पंजाब को फिर से खुशहाल बनाना है, सस्ती सेहत सहूलियतें देनी हैं, सस्ती व उच्च शिक्षा प्रदान करनी है, नौजवानों को रोजगार देना है।
चन्नी ने कहा कि उन्होंने चार महीनों में चार साल का काम करना है, यह उनके सामने बहुत बड़ा चैलेंज है, लेकिन जनता का साथ चाहिए, वह सूबे को फिर से सोने की चिड़िया बनाकर दम लेंगे। इस अवसर पर पर हलका इंचार्ज केवल सिंह ढिल्लों ने हलके के विकास के लिए मुख्यमंत्री चन्नी से 10 करोड़ रुपये मांगे, लेकिन चन्नी ने 25 करोड़ रुपये देने का एलान किया। इस दौरान सांसद मुहम्मद सदीक, पूर्व सेहत मंत्री विधायक बलवीर सिंह सिद्धू, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन मक्खन शर्मा, नगर काउंसिल के प्रधान गुरजीत सिंह रामनवासिया, उपाध्यक्ष नरिंदर गर्ग नीटा, मार्केट कमेटी के चेयरमैन अशोक मित्तल, दर्शन आढ़तिया, जिला शिकायत निवारण कमेटी के सदस्य नरिंदर शर्मा, बरनाला क्लब के सचिव एडवोकेट राजीव कुमार लूबी के अलावा डीसी कुमार सौरभ राज व एसएसपी अलका मीना मौजूद थे।