उधर, पटियाला के गांव मसींगन में बुधवार सुबह पीर की दरगाह पर सेवा करने वाले एक सेवादार की उस समय मौत हो गई, जब वह पुरानी मस्जिद के पास से गुजर रहा था। इस दौरान तेज बारिश के कारण मस्जिद की पुरानी दीवार गिर गई और नीचे दबने से उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक गांव मसींगन में बुधवार सुबह करीब आठ बजे पीर की दरगाह के सेवादार कृष्ण राम जब सेवा करके अपने घर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में मस्जिद की पुरानी दीवार बारिश के कारण उसके ऊपर आ गिरी। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के कुछ लोग वहां पहुंचे। जिन्होंने गुरुद्वारा साहिब से अनाउंसमेंट कराई तो और लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद मलबे के नीचे से सेवादार को निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गांव के सरपंच गुरनाम सिंह ने बताया कि सेवादार दरगाह पर सेवा करके घर चला जाता था। उसका एक बुजुर्ग पिता और एक मंदबुद्धि भाई है, जिनके लिए रोजी रोटी का प्रबंध सेवादार ही करता था। गांव के लोगों ने जिला प्रशासन से सेवादार के परिवार को आर्थिक मदद देने और मस्जिद की मरम्मत कराने की मांग की है। हादसे की सूचना पाकर थाना जुल्कां की पुलिस पार्टी भी मौके पर पहुंची।
गुरदासपुर में 33 एमएम बरसात, सड़क धंसने से दो गाड़ियां फंसीं
गुरदासपुर में बुधवार को 33 एमएम बारिश हुई। बारिश से शहर के कई इलाकों और ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर जलभराव हो गया। सड़कों और गलियों में जलभराव के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। वहीं तिब्बड़ी रोड पर तीन स्थानों पर सड़क धंसने से नाग देवता मंदिर के पास एक ट्राला व घराला मोड़ के पास कार फंस गई। हालांकि ट्राले को मुश्किल से जेसीबी के माध्यम से वहां से निकाला गया। सड़क धंसने के कारण रूट डायवर्ट करना पड़ा। गुरदासपुर के तिब्बड़ी रोड चौक के पास घुटनों तक बारिश का पानी भरने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।