पटियाला में दो युवकों का कत्ल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
पटियाला में रविवार देर रात बस स्टैंड के नजदीक दो दोस्तों की तेजधार हथियारों से किसी ने हत्या कर दी। थाना लाहौरी गेट पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतकों की पहचान नकुल कुमार (18) निवासी गली नंबर छह पुराना बिशन नगर और अनिल कुमार (20) उर्फ छोटू निवासी शहीद भगत सिंह कॉलोनी के तौर पर हुई है।
एसपी (जांच) हरवीर सिंह अटवाल ने बताया कि पुलिस को सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे कार्नर होटल के नजदीक बस स्टैंड की दीवार के साथ खून से लथपथ दो नौजवानों के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। वह मौके पर पहुंचे तो शव एक-दूसरे से करीब 20-25 कदम की दूरी पर पड़े थे। एक शव के पास ही छुरा पड़ा था। फिलहाल यह पक्के तौर पर कहा नहीं जा सकता है कि हत्यारे वारदात को अंजाम देने के बाद छुरा वहां फेंक गए या फिर यह छुरा कत्ल किए नौजवान के पास था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नकुल का करीब तीन-चार दिन पहले पांच लोगों के साथ किसी बात को लेकर लड़ाई-झगड़ा हुआ था। परिवार वालों के मुताबिक रविवार मध्यरात्रि करीब 12 बजे नकुल को किसी का फोन आया था और इसके बाद वह घर से चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं आया।
पुलिस के मुताबिक पूरी संभावना है कि इन पांच लोगों ने ही उसे फोन कर बस स्टैंड के नजदीक बात करने को बुलाया हो और फिर वहीं आपस में दोनों गुटों के बीच खूनी भिड़ंत हो गई। इस दौरान नकुल का दोस्त अनिल भी उसके साथ था और उसकी भी हत्या कर दी गई।
कुछ दूरी पर था पुलिस थाना
खास बात यह है कि बस स्टैंड के नजदीक जहां यह दोहरा हत्याकांड हुआ, वहां से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर लाहौरी गेट थाना मौजूद है। ऐसे में शहर में सोमवार को सीएम भगवंत मान की फेरी से पहले थाने के नजदीक इतनी बड़ी वारदात का होना पुलिस सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है।