पटियाला में फूफा ने घर में अकेली अपनी ही भतीजी के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने धमकियां दीं कि वह इस बारे में किसी को न बताए। थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी फूफा के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी माली का काम करता है।
19 साल की युवती की ओर से पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक वह अपनी बुआ के पास उनके घर में ही बीते करीब 15 सालों से रहती है। 12 अप्रैल को बुआ अपनी दोनों बेटियों के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में हिस्सा लेने के लिए यूपी गई थी। घर में पीड़ित लड़की, उसका फूफा और एक भाई थे। नवरात्र में 15 अप्रैल की सुबह बुआ का लड़का माथा टेकने के लिए मंदिर चला गया। इस दौरान भतीजी को घर में अकेली पाकर फायदा उठाते हुए फूफा ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपी ने भतीजी को डराया-धमकाया कि वह इसके बारे में परिवार के बाकी सदस्यों को कुछ न बताए। लेकिन जब उसकी बुआ यूपी से वापस लौटी, तो लड़की ने उसे अपने साथ हुई वारदात के बारे में बता दिया। इसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने अब पीड़ित युवती की शिकायत पर उसके फूफा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित युवती के असली माता-पिता के पांच बच्चे हैं। बुआ ने मदद के लिए भाई की एक बेटी को पालने के लिए उससे लिया था।
शादी का झांसा देकर करता रहा दुष्कर्म, गर्भपात भी कराया
शादी कराने का झांसा देकर एक युवती को अलग-अलग जगह ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने इस दौरान पीड़िता के गर्भवती होने पर उसका जबरन गर्भपात भी कराया। यही नहीं उसकी अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी भी दी। थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने मामले में पीड़िता की शिकायत पर आरोपी को नामजद कर लिया है। लेकिन अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
आरोपी की पहचान रणजोध सिंह निवासी गांव ईसरहेडी के तौर पर हुई है। पीड़िता की ओर से पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक साल 2021 में उसकी आरोपी के साथ दोस्ती हो गई थी। आरोपी ने उसे शादी कराने का झांसा देकर पंजाबी यूनिवर्सिटी के सामने एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद भी आरोपी उसे अलग-अलग जगह बुलाकर दुष्कर्म करता रहा। इसी बीच फरवरी 2024 में वह गर्भवती हो गई। लेकिन आरोपी ने जबरदस्ती पीडिता का गर्भपात करा दिया। इसके बाद आरोपी उसकी अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकियां देने लगा।