पटियाला। समाना के नजदीक पीआरटीसी बस के चालक की ओर से कहने के बावजूद बस न रोकने पर एक छात्रा ने घबराकर चलती बस से छलांग लगा दी गई। इस हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे तुरंत समाना के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डाक्टरों से उसे पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया। थाना सिटी समाना पुलिस ने मामले में आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक समाना के नजदीक गांव काकड़ा की रहने वाली रमनदीप कौर (18) पटियाला के सरकारी गर्ल्स कालेज में बीए की छात्रा है। कालेज से पढ़कर वह वापस पीआरटीसी की बस में घर लौट रही थी। रास्ते में किसी काम के लिए उसे समाना के नजदीक गांव फतेहपुर में रुकना था।
छात्रा ने बस के चालक को बस रोकने के लिए कहा, लेकिन उसने बस नहीं रोकी, जिससे छात्रा घबरा गई और उसने चलती बस से छलांग लगा दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीर बेहोशी की हालत में छात्रा को समाना के सिविल अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया। मामले के जांच अधिकारी सिटी समाना से एएसआई शिंदर सिंह ने कहा कि आरोपी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।