पटियाला। पुलिस ने रात को सड़क पर आने-जाने वाले राहगीरों से लूटपाट करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस गैंग के छह सदस्यों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के पकड़े जाने से नाभा के भादसों के नजदीक छह अक्तूबर 2021 को हुए पूर्व सरपंच के बेटे सुखचैन दास निवासी गांव हलोताली के कत्ल केस की गुत्थी भी पुलिस ने सुलझा ली है। एसएसपी हरचरन सिंह भूल्लर ने सोमवार शाम को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि आरोपियों से कत्ल किए युवक से लूटा गया बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ थाना पसियाना में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करके पांच दिनों का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान महिंगा सिंह निवासी गांव वजीदपुर थाना नाभा, कमलप्रीत सिंह कमल, अंग्रेज सिंह गेजी निवासी राजगढ़ थाना नाभा, रविंदर सिंह हैरी, मनप्रीत बावा निवासी गांव अलौहरा कलां, जगसीर सिंह जग्गी निवासी गांव बौड़ां कलां के तौर पर की गई है। इस गैंग के सदस्य हथियारों के साथ लैस होकर रात के समय सड़कों पर आने-जाने वाले राहगीरों को लूटते थे। इनसे पूर्व सरपंच के बेटे से लूटा गया बुलेट मोटरसाइकिल और एक स्विफ्ट डिजायर कार, दो राड और दो चाकू बरामद किए गए हैं। आरोपियों को पुलिस ने समाना-पटियाला रोड बाइपास पुल नजदीक पसियाना से काबू किया है। एसएसपी ने बताया कि पूर्व सरपंच के बेटे के कत्ल केस में गैंग के तीन मेंबर महिंगा सिंह, कमलप्रीत सिंह कमल व रविंदर सिंह हैरी शामिल थे। गिरोह अब किसी और बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। उन्होंने बताया कि गैंग के सदस्यों पर पहले ही लड़ाई झगड़े और चोरी के मामले दर्ज हैं।