पटियाला के गांव फतेहपुर में सोमवार को सड़क के काम का नींव पत्थर रखते कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने कहा कि एसवाईएल के मुद्दे पर पंजाब कांग्रेस मगरमच्छ के आंसू बहा रही है।
अगर यह पार्टी पंजाब की जायज मांगों प्रति गंभीर होती, तो तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की ओर से एसवाईएल का विरोध करना चाहिए था। उस समय कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इंदिरा गांधी की इस कार्रवाई का स्वागत किया था। वह सोमवार को समाना हलके के गांव फतेहपुर व गज्जूमाजरा में सड़कों के नींव पत्थर रखने के मौके पर लोगों को संबोधित कर रहे थे।
रखड़ा ने कहा कि अगर पंजाब के पानी पर डाका मारा गया, तो किसी भी तरह की कुर्बानी देने से बादल सरकार पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि जिले की ग्रामीण लिंक सड़कों की मरम्मत और अपग्रेडेशन पर 17 करोड़ रुपये खर्चे जाएंगे। उन्होंने समाना के नजदीकी गांव फतेहपुर में 33 लाख की लागत से करीब 2.69 किलोमीटर लंबी फतेहपुर-समाना-टोडरपुर सड़क और गांव गज्जूमाजरा में 162 लाख की लागत से करीब 8.5 किलोमीटर लंबी पटियाला-संगरूर सड़क से समाना को जाने वाली सड़क का नींव पत्थर भी रखा।
रखड़ा ने इस मौके पर गांव गज्जूमाजरा में करीब आठ लाख की लागत से नए डाले गए सीवरेज और गलियों-नालियों का उद्घाटन भी किया।
इस मौके पर जिला परिषद के चेयरमैन जसपाल सिंह कल्याण, मार्केट कमेटी समाना के बलविंदर सिंह दानीपुर, शिअद किसान विंग के जिला पटियाला के प्रधान अमरजीत सिंह टोडरपुर, सर्कल समाना के प्रधान जत्थेदार जसवीर सिंह तलवंडी मौजूद रहे।