पटियाला। शिवसेना बाल ठाकरे के पंजाब कार्यकारी प्रधान हरीश सिंगला ने शुक्रवार को यहां बयान जारी करके आरोप लगाया कि पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू और उनके सलाहकार पाकिस्तान के एजेंट हैं।
मालविंदर सिंह माली ने विवादित बयान दिया कि कश्मीर पर भारत ने कब्जा किया हुआ है, जबकि भारत हमेशा से ही पीओके को भी अपना हिस्सा मानता है। हमेशा यही कहा गया है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक है और कश्मीर भारत का अटूट अंग है। माली ने अपने बयान के लिए अब तक माफी भी नहीं मांगी। इस बयान से भारतवासियों में रोष है।
हरीश सिंगला ने कहा कि यह देश विरोधी बयान है और इसके लिए माली के खिलाफ तुरंत देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। इसके साथ ही चेताया कि अगर कांग्रेस पार्टी ने नवजोत सिंह सिद्धू और उनके सलाहकारों को बाहर न किया तो आने वाले विधानसभा चुनावों में बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ेगा। सिंगला ने कांग्रेस हाईकमान से मांग की कि पार्टी में एकजुटता बनाए रखने को नवजोत सिंह सिद्धू और उनके सलाहकारों को बाहर का रास्ता दिखाया जाए।