पटियाला। नाभा में नाके पर स्कूटी के कागजात मांगने पर दंपती ने एक होमगार्ड को थप्पड़ मार दिए। यहां तक कि जवान की वर्दी भी फाड़ डाली। थाना सदर नाभा पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस चौकी रोहटी पुल के थानेदार अमरीक सिंह ने बताया कि वह रात करीब 9 बजे समेत हरपाल दास, होमगार्ड नेतर सिंह व अन्य पुलिस कर्मचारियों के साथ रोहटी पुल नजदीक गोल चौक पर ड्यूटी दे रहे थे। इसी बीच आरोपी विजय कुमार और उसकी चरनजीत कौर निवासी नाभा एक बच्ची समेत स्कूटी पर आए। होमगार्ड जवान नेतर सिंह ने उन्हें रुकने इशारा किया। स्कूटी रोकने पर होमगार्ड ने दंपती से कागजात मांगे, लेकिन कागजात दिखाने की बजाय आरोपी विजय कुमार होमगार्ड नेतर सिंह को धमकियां देने लग पड़ा।
इसके बाद विजय कुमार ने होमगार्ड को थप्पड़ मारे और चरनजीत कौर ने नेतर सिंह की वर्दी फाड़ डाली। इसी बीच दंपती ने डीएसपी नाभा को फोन कर दिया। जैसे ही उन्होंने फोन उठाया, तो महिला के पति ने उन्हें भी गालियां निकालते हुए पुलिस मुलाजिमों पर लगाम लगाने की हिदायत दे डाली। इसी बीच जब शिकायतकर्ता समेत पुलिस पार्टी के आरोपियों को पकड़ने लगा, तो आरोपी लोगों की इकट्ठा भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक रविवार बाद दोपहर आरोपियों को काबू कर लिया गया है। जिन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।