अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला की गुरबख्श काॅलोनी की गली नंबर 13 में बने डेरे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप की बेअदबी का मामला सामने आया है। बेअदबी के आरोप में पुलिस ने डेरे के ग्रंथी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान सरबजोत सिंह के तौर पर हुई है।
आरोपी के खिलाफ थाना लाहौरी गेट में केस दर्ज किया गया है। शुक्रवार की रात को जैसे ही श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप की बेअदबी को लेकर हंगामा हुआ, तो गुरुद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब से एक कमेटी मौके पर पहुंची, जो बाद में पावन स्वरूप को पूरे सम्मान के साथ अपने साथ गुरुद्वारे ले गई। जानकारी के मुताबिक पटियाला की गुरबख्श काॅलोनी की 13 नंबर गली में गुरुद्वारा साहिब संत कुटिया, डेरा संत वाला प्रीतम जी खालसा पटियाला का डेरा है। डेरे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप रखे हुए थे। ग्रंथी पर आरोप लगे हैं कि उसने सुख आसन वाले स्थान पर पावन स्वरूप मर्यादा के अनुसार नहीं रखे हुए थे। इसके साथ ही डेरे में सफाई भी नहीं रखी हुई थी। डेरे में काफी गंदगी फैली थी। इस मामले का पता लगते ही गुरुद्वारा दुखनिवारण साहिब से एक कमेटी पहुंची और पावन स्वरूपों को अपने साथ सम्मान के साथ ले गई।