पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में समाज सेवक सुखी बाठ और पीटर चौहान को सम्मानित करते डा. हरजिंदर वालिया।
- फोटो : अमर उजाला
वैकूंवर (कनाडा) से कारोबारी और समाज सेवक सुखी बाठ ने कहा कि पंजाब के होनहार नौजवान विदेशों में बसने के लिए उतावले हो रहे हैं। इस रुझान को रोकने के लिए विदेशों में पंजाबी स्टूडेंट्स की हो रही दुर्गति और शोषण की असली तस्वीर को लोगों के सामने रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रवासी पंजाब के नौजवानों पर अच्छे व बुरे दोनों तरह के प्रभाव डाल रहे हैं। उन्होंने सलाह दी कि वह लोक भलाई के कामों में पंजाबियों को अच्छी पढ़ाई में समर्थ बनाने के लिए काम करें। वह ग्लोबल पंजाब फाउंडेशन की ओर से पत्रकारिता एवं जन संचार विभाग पंजाबी यूनिवर्सिटी के सहयोग से प्रवासी पंजाबियों का पंजाबी समाज पर प्रभाव विषय पर आयोजित सेमिनार को संबोधित कर रहे थे।
फाउंडेशन के चेयरमैन और विभाग के प्रमुख डा. हरजिंदर वालिया ने कहा कि प्रवासी पंजाबियों की ओर से अपनी नई पीढ़ी को पंजाबी और पंजाबी सभ्याचार के साथ जोड़े रखने के लिए प्रयास करने की जरूरत है। इस मौके पर सुखी बाठ को समाज के प्रति किए उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। टोरंटो से आए पीटर चौहान ने कहा कि प्रवासी हर साल अरबों रुपये पंजाब की तरफ भेजकर पंजाब की आर्थिकता में मदद कर रहे हैं। प्रवासियों ने पंजाबियों की सेहत, खेलों और सियासत के पक्ष से बहुत प्रभावित किया है।