प्रतिष्ठित पंजाब पब्लिक स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र, पुलिस व स्कूल प्रशासन में रहा हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण रोड़ी का बेटा नाभा स्थित पंजाब पब्लिक स्कूल के हाॅस्टल से बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। तड़के करीब चार बजे जैसे ही रोड़ी का बेटा लापता हुआ, जिले के पुलिस व स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। करीब 10 घंटे के बाद बच्चे को बरामद कर लिया गया। बच्चा सही-सलामत है और पुलिस की ओर से उसके परिवार के हवाले कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक पंजाब के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण रोड़ी का बेटा पंजाब पब्लिक स्कूल में 10वीं क्लास का छात्र है। वह स्कूल के हाॅस्टल में ही रहता है। उसके लापता होने के बारे में उस समय पता लगा, जब स्कूल में कक्षा शुरू हुईं। उसके अपनी कक्षा में हाजिर न होने पर शोर मच गया। सूचना पुलिस और पिता रोड़ी तक पहुंची, जिसके बाद सुखदिलमन की तलाश शुरू की गई। करीब 10 घंटे के बाद उसे पुलिस ने स्कूल के नजदीक से ही बरामद कर लिया और परिवार के हवाले कर दिया।
हालांकि सुखदिलमन स्कूल से क्यों बाहर निकला और इतना बड़ा नामी स्कूल होने के बावजूद वह सिक्योरिटी की नजर में कैसे नहीं आया, इसे लेकर स्कूल प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।