पटियाला। पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (पावरकाम) ने एक से 9 अप्रैल 2022 तक 16085 लाख यूनिट बिजली उपलब्ध कराई है, जो पिछले साल इसी अवधि दौरान 11206 लाख यूनिट उपलब्ध कराई बिजली के मुकाबले 43 प्रतिशत अधिक है। अप्रैल 2022 के दौरान ज्यादा से ज्यादा उपलब्ध कराई बिजली 8758 मेगावाट रही, जबकि पिछले साल अप्रैल 2021 के दौरान 6308 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराई गई। पावर एक्सचेंज से अप्रैल में अब तक 655 लाख यूनिट बिजली खरीदी गई। वहीं 8 अप्रैल 2022 को 7714 मेगावाट की पीक डिमांड पूरी की गई।
रविवार को पंजाब के बिजली मंत्री हरभजन सिंह ने बताया कि इस दौरान पावरकॉम ने राज्य में 32 फीसदी बिजली की सप्लाई दी है। राज्य से बाहर बैंकिंग के लिए चार गुना बिजली सप्लाई दी है। पावरकॉम ने अप्रैल 2022 में 1044 मेगावाट की ज्यादा से ज्यादा बैंकिंग में बिजली सप्लाई की है, जो पिछले साल 2021 की इसी अविध के 253 मेगावाट के मुकाबले 791 मेगावाट ज्यादा है। इस बार मार्च 2022 में ही तेज गर्मी के कारण बिजली की मांग में वृद्धि हो गई थी, जो अब अप्रैल 2022 में लगातार बढ़ रही है। साथ ही साफ किया कि गेहूं की कटाई के सीजन के मद्देनजर दिन के समय बिजली के तारों में शार्ट सर्किट से फसलों को आग न लगे, इसके लिए एपी लोड को बदलने के कारण रात के समय खेतीबाड़ी ट्यूबवेलों को बिजली सप्लाई की जा रही है। बढ़ती बिजली की मांग को पूरा करने के लिए 9 अप्रैल 2022 तक पावरकाम ने 2021 में खरीदी 186 लाख यूनिट बिजली के मुकाबले पावर एक्सचेंज से 655 लाख यूनिट बिजली खरीदी है। इस साल पावरकाम ने 8 अप्रैल 2022 को 7714 मेगावाट की पीक डिमांड पूरी की है, जो 9 अप्रैल 2021 को दर्ज की गई 6055 मेगावाट की पीक डिमांड के मुकाबले 1659 मेगावाट अधिक है।
बिजली मंत्री ने आने वाले धान के सीजन के दौरान खेतीबाड़ी पंप सेटों को आठ घंटे नियमित सप्लाई और प्रदेश के उद्योगों समेत सभी वर्गों के खपतकारों को निर्विघ्न व स्तरीय बिजली सप्लाई देने की बात कही। उन्होंने बताया कि आने वाले धान के सीजन दौरान बिजली की मांग 15000 मेगावाट रहने की उम्मीद है। इसलिए पावरकॉम दूसरे राज्यों के साथ ज्यादा से ज्यादा बैंकिंग में बिजली जमा करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। नवंबर 2021 से बैंकिंग के लिए बिजली की सप्लाई की जा रही है और अप्रैल तक जारी रखी जा रही है, ताकि आने वाले धान के सीजन दौरान 2300 मेगावाट बिजली वापस ली जा सके। साथ ही बताया कि केंद्रीय ऊर्जा मंत्री व कोयला मंत्री के साथ मीटिंग के दौरान केंद्र सरकार ने पंजाब के थर्मलों को अतिरिक्त 20 लाख टन कोयले की सप्लाई और राज्य के स्वतंत्र पावर प्लांटों को अतिरिक्त 30 लाख टन कोयले की सप्लाई और अतिरिक्त बिजली अलाट करने का भरोसा दिलाया है।