पटियाला। इस्लामिक रिपब्लिक आफ अफगानिस्तान के राजदूत फरीद मामुदजई ने भारत-अफगानिस्तान व्यापार के लिए दोनों देशों की पाकिस्तान साथ सड़क के रास्ते लगती सरहदें खोलने की वकालत की है। वह शनिवार को यहां के उद्योगपतियों व अफगानी विद्यार्थियों के साथ मुलाकात करने पटियाला पहुंचे थे। इस दौरान डीसी संदीप हंस ने अफगानिस्तान राजदूत फरीद मामुदजई का पटियाला पहुंचने पर स्वागत किया।
इस मौके पर मीडिया से बात करते अफगानी राजदूत फरीद मामुदजई ने कहा कि बाधा मुक्त सड़क रास्ते व्यापार से दोनों देशों की तकदीर बदलेगी। उन्होंने कहा कि इस समय अफगानिस्तान से 100 के करीब ट्रक माल लेकर भारत की सरहद पहुंचते हैं, परंतु वापस खाली जाते हैं। अगर इस्लामाबाद और दिल्ली के आपसी प्रयासों से बाधा मुक्त व्यापार संभव हो जाए, तो इससे बाघा सरहद से केवल 700 किलोमीटर की दूरी पर स्थित अफगानिस्तान के उद्योगों और आम लोगों को लाभ पहुंचेगा।
अफगानिस्तान के बहुत सारे विद्यार्थी पढ़ने के लिए भारत खास करके पंजाब में आते हैं। पंजाब में 1500 से अधिक विद्यार्थी इस समय पढ़ रहे हैं, जिनमें से 200 विद्यार्थी पटियाला पढ़ रहे हैं। इसलिए वह इन विद्यार्थियों समेत यहां के व्यापारियों व उद्योगपतियों को मिल रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने पटियाला के उद्योगपतियों से मुलाकात करके अफगानिस्तान व पटियाला के उद्योगों के बीच संबंधों की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत के साथ उनके मुल्क के रिश्ते बहुत पुराने व एतिहासिक हैं। इनको और मजबूत करने के लिए वह यहां पहुंचे हैं और उम्मीद है कि पंजाब के उद्योगपति सहयोग करेंगे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यूएस फौजों ने एक दिन वापस जाना ही था, क्योंकि अफगानिस्तान अपने मसले खुद हल करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि अब अफगानिस्तान के हालात दिन-प्रतिदिन सुधर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके मुल्क में हालात इतने बुरे भी नहीं, जितने दिखाए गए हैं। बहुत जल्द नई चुनी हुई सरकार बनने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि तालिबान हुकूमत पर इस बात का जोर डाला जा रहा है कि महिलाओं को उनके बनते हक जरूर मिलें।