अपनी मांगों को लेकर नंबरदार यूनियन की तरफ से प्रदेशाध्यक्ष गुरपाल सिंह समरा के नेतृत्व में नंबरदारों ने रैली करने के बाद शहर में सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कई जिलों के नंबरदारों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग पूरी न होने पर संघर्ष और तेज करने की चेतावनी दी।
नानकियाना गुरुद्वारा साहिब में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष गुरपाल सिंह समरा ने कहा कि पिछले समय कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ बैठक हुई थी। बैठक में मजीठिया ने उनकी मांगों को एक महीने के भीतर लागू करने का वादा किया था।
यह वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने नंबरदारों को बस पास की सुविधा जारी की हुई है और पंजाब सरकार ने भी ऐसा करने की बात कही थी। इसके अलावा नंबरदारों के बैठने के लिए जिला वतहसील स्तर पर कमरे देने की बात कही थी।
उन्होंने कहा कि नंबरदारों को पंद्रह सौ रुपये प्रति महीना मान भत्ता दिया जाता है जो बहुत कम है, इसे बढ़ाकर पांच हजार रुपये किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों को पूरा न किया गया तो वह संघर्ष और तेज कर देंगे।
रैली में पहुंचे राज्य सभा सदस्य सुखदेव सिंह ढींढसा ने नंबरदार यूनियन से मांगपत्र लेते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को चुनाव आचार संहिता लागू होने से पूर्व पूरा कर दिया जाएगा।
इस मौके पर यूनियन नेता लाभ सिंह कड़ैल, सुरजीत सिंह, जसपाल सिंह, कुलदीप सिंह, बलवंत सिंह, गुरनाम सिंह रोपड़, कर्मजीत सिंह सैनी पठानकोट, सरदार सिंह होशियारपुर, हरमिंदर सिंह, सुखपाल सिंह मंगवाल, प्रीतम सिंह, परमजीत सिंह, जागर सिंह, हरबंस कौर, कमलजीत कौर, सरपंच धर्मजीत सिंह मौजूद थे।