सेहत विभाग में राष्ट्रीय सेहत मिशन के तहत ठेके पर काम कर रहे मुलाजिमों की जत्थेबंदी एनआरएचएम इंप्लाइज एसोसिएशन ज्वाइंट फोरम ने रेगुलर करने की मांग उठाते हुए काम के बायकॉट की चेतावनी दी है।
यहां जारी बयान में ज्वाइंट फोरम के प्रदेश नेता डा. इंद्रजीत राणा ने बताया कि राज्य के लोगों को बढ़िया सेहत सेवाएं मुहैया कराने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे मुलाजिमों को सरकार की ओर से रेगुलर नहीं किया जा रहा है। एनआरएचएम मुलाजिम लंबे समय से ठेके पर मामूली तनख्वाहों पर काम करने के लिए मजबूर हैं। इसके कारण उनके परिवारों का गुजारा मुश्किल हो रहा है।
प्रदेश सरकार से अपने हकों की प्राप्ति के लिए मुलाजिम लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ है। अब मुलाजिमों ने चंडीगढ़ में पक्का धरना लगाने का फैसला किया है। इसके तहत वीरवार से चंडीगढ़ में जिलावार, लड़ीवार भूख हड़ताल की जाएगी और धरना दिया जाएगा। साथ ही प्रदेश सरकार के पुतले फूंके जाएंगे।
सरकार की मुलाजिम विरोधी नीतियों को लोगों के बीच बेनकाब किया जाएगा। फिर भी अगर सरकार ने मांगें न मानीं तो राज्य के अन्य विभागों में ठेके पर काम कर रहे मुलाजिमों के साथ तालमेल करके काम का पूरी तरह से बायकॉट किया जाएगा। भूख हड़ताल व धरने को मुकम्मल हड़ताल में तब्दील कर दिया जाएगा।