दिल्ली के बाद अब पंजाब में भी कोरोना के केसों में तेजी आई है, बावजूद इसके लोग महामारी को लेकर जागरूक नहीं हो रहे हैं। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पटियाला जिले में 2.74 लाख से अधिक लोगों ने तय समय पूरा हो जाने के बावजूद अभी तक कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लगवाई है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वीनू गोयल ने बताया कि विभाग के मुलाजिमों की तरफ से बाकायदा इन लोगों को फोन करके टीका लगवाने के लिए कहा जा रहा है। साथ ही प्रोग्राम आयोजित करके लोगों में कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर जागरूकता पैदा करने की भी कोशिश की जा रही है। फिर भी लोगों की तरफ से रिस्पांस ढीला ही मिल रहा है।
पंजाब में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के केसों में तेजी आई है। पटियाला जिले तकरीबन रोजाना ही कोरोना केसों की पुष्टि हो रही है। इससे आने वाले दिनों में कोरोना की चौथी लहर के आने की दस्तक का खतरा बन गया है। इन हालात में पटियाला जिले में 2 लाख 74 हजार 176 लोग ऐसे भी हैं, जिनकी कोरोना वैक्सीनेशन की दूसरी डोज की तारीख आ गई है, लेकिन वह लगवाने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। इनमें ब्लाक नाभा में 6974, ब्लाक समाना में 11763, ब्लाक राजपुरा में 18188, भादसों में 17778, दूधनसाधां में 32591, हरपालपुर में 16437, कालोमाजरा में 19288, कौली में 25197, शुतराणा में 39175, पटियाला शहर में 86785 लोग हैं। जिले में अब तक 25 लाख 82 हजार 998 लोगों की वैक्सीनेशन हो गई है। इनमें 14 लाख 75 हजार 616 ने पहली डोज ली है। इनमें 12 से 14 साल के आयु वर्ग के 20989, 15 से 17 साल के आयु वर्ग के 72711, 18 साल से अधिक की आयु वाले 13,81,916 शामिल हैं।
वहीं 10 लाख 73 हजार 695 लोग दूसरी डोज लेने के बाद पूरी तरह से वैक्सीनेट हो चुके हैं। इनमें 12 से 14 साल की आयु वर्ग के 1493, 15 से 17 साल के आयु वर्ग वाले 36283 और 18 से अधिक के आयु वर्ग वाले 10 लाख 35 हजार 919 शामिल हैं। इसके अलावा 33,687 ने बूस्टर डोज ली है। रविवार को 262 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली और 533 ने दूसरी डोज ली।
गौरतलब है कि कोविशील्ड की दूसरी डोज 84 और को-वैक्सीन की दूसरी डोज 28 दिनों के बाद लगाई जाती है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वीनू गोयल ने कहा कि अगर लोग इसी तरह से इस महामारी को लेकर लापरवाही दिखाएंगे, तो इसे कैसे हराया जा सकेगा। उन्होंने माना कि कोरोना के केसों में अब दोबारा से तेजी आ गई है। ऐसे में लोगों को जल्द से जल्द अपनी ड्यू दूसरी डोज लगवा लेनी चाहिए।