पटियाला। दो दिन से लापता तीन साल की बच्ची का शव फैक्टरी क्वार्टर के बाहर खुले गटर से बरामद हुआ है। पुलिस ने फैक्टरी मालिक पुरुषोत्तम गर्ग के खिलाफ लापरवाही बरतने के आरोप में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
समाना के थाना सदर प्रभारी अंकुरदीप सिंह ने बताया कि राजन प्लाइवुड फैक्टरी में काम करने वाले जिला हेमताबाद (पश्चिम बंगाल) के गांव कंटूर निवासी दिलावर हुसैन ने पुलिस में शिकायत दी है। इसके अनुसार वह अपने परिवार के साथ कई दिन से चीका रोड पर रह रहा था। करीब पांच महीने पहले उन्होंने बदनपुर में एक प्लाइवुड कारखाने में कार्डबोर्ड कटर के तौर पर काम करना शुरू किया और वहीं कारखाने के क्वार्टर में रहता था। उनकी तीन साल की बेटी रिहाना परवीन 13 अक्तूबर की शाम को घर के बाहर खेलते हुए वक्त अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश करने पर भी जब बच्ची न मिली तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जब क्वार्टर के बार खुले गटर की सफाई करवाई तो बच्ची का शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।