पटियाला। शहर के फैक्टरी एरिया स्थित एक गोदाम में बड़ी संख्या में एक्सपायरी बेबी मिल्क पाउडर के डिब्बे मिलने के मामले में कार्रवाई में लापरवाही बरतने के आरोप में पटियाला की फूड सेफ्टी अफसर डॉ. शैली जेटली को सस्पेंड कर दिया गया है। इसकी पुष्टि असिस्टेंट सिविल सर्जन डॉ. विकास गोयल ने की। उन्होंने कहा कि डॉ. शैली जेटली पर मामले में देरी से कार्रवाई के आरोप लग रहे थे। साथ ही डॉ. जेटली के खिलाफ विभाग के ही कुछ अफसरों ने भी शिकायत की थी।
गौरतलब है कि पिछले महीने जनवरी में एक एनजीओ ने सेहत विभाग के पास फैक्टरी एरिया में स्थित एक गोदाम बारे शिकायत की थी। आरोप हैं कि विभाग ने इस शिकायत के आधार पर देरी से कार्रवाई की। दबिश के दौरान मौके से गोदाम से एक लाख से अधिक एक्सपायरी तारीख वाले बेबी मिल्क पाउडर के डिब्बे मिले थे। वहां काम कर रही लेबर द्वारा एक्सपायरी डेट पर काला पेंट लगाकर मशीन के जरिये नई तारीख डाली जा रही थी, जिससे इन डिब्बों को बाजार में बेचा जा सके।
उधर, सिविल सर्जन डॉ. प्रिंस सोढ़ी ने माना कि डॉ. शैली जेटली को सस्पेंड करने के निर्देश प्रमुख सचिव पंजाब सरकार व आईएएस राज कमल चौधरी की ओर से जारी किए गए हैं। लेकिन जारी किए पत्र में सस्पेंड करने का कारण नहीं बताया गया है। उन्होंने बताया कि सस्पेंशन के दौरान डॉ. जेटली हेडक्वार्टर मुख्य दफ्तर कमिश्नर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब में तैनात रहेंगी।