डायरिया के कारण पिछले कई दिनों से राजिंदरा अस्पताल में दाखिल समाना की 90 साल की बुजुर्ग महिला की शनिवार को मौत हो गई। उसकी बेटी की भी पिछले दिनों डायरिया के कारण मौत हो चुकी है। उधर सेहत विभाग की ओर से समाना के प्रभावित इलाकों से जो आठ पानी के सैंपल लिए गए थे, जांच के बाद सभी सैंपल फेल रहे हैं।
पीने के पानी में गंदा पानी मिक्स होने के कारण समाना में पिछले कई दिनों से डायरिया का प्रकोप फैला था। हालांकि अब स्थिति काफी हद तक काबू में बताई जा रही है। शनिवार को समाना के घडामा पती एरिया की 90 साल की बुजुर्ग राम प्यारी की राजिंदरा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसे डायरिया के कारण समाना के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया था। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया था। राजिंदरा में वह पिछले छह-सात दिनों से वेंटिलेटर पर थी। राम प्यारी की 50 साल की बेटी कृष्णा देवी की भी पिछले मंगलवारको डायरिया के कारण ही मौत हो गई थी।
सिविल सर्जन डा. राजीव भल्ला ने बताया कि सेहत विभाग की ओर से पानी के आठ सैंपल जो पिछले मंगलवार को समाना के डायरिया प्रभावित इलाकों से लिए गए थे, उनकी रिपोर्ट आ गई है। सभी सैंपल फेल रहे हैं। प्रभावित इलाकों का पानी पीने योग्य नहीं पाया गया है।