पटियाला में मेयर के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
पटियाला के वार्ड नंबर-29 शाही समाधां के नजदीक मोहल्ला जी-राज के लोगों ने शनिवार को मेयर अमरिंदर सिंह बजाज और नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर लोगों ने गली में चल रहे विकास कार्यों का स्तर घटिया होने के आरोप लगाए।
इलाका निवासी बलवीर कौर, गुरचरन कौर, कुलविंदर सिंह, भुपिंदर सिंह ने कहा कि नगर निगम की ओर से मोहल्ले में इंटरलाकिंग टाइलें लगवाने का काम शुरू किया गया है। काम कर रहे ठेकेदार की ओर से बिना सड़क का ऊंचा-नीचा स्तर ठीक किए बगैर सीधे तौर पर ज्यादा रेत डालकर टाइलें लगाई जा रही हैं। जो किसी भी हालत में ज्यादा देर तक टिक नहीं सकती हैं और उखड़ जाएंगी।
जब लोगों ने ठेकेदार की ओर से किए जा रहे घटिया काम की शिकायत इलाके के पार्षद से की, तो उसने वहां पहुंच कर ठेकेदार के साथ मिलकर इलाका निवासियों को अपशब्द बोले और कहा कि काम तो ऐसे ही होगा। मोहल्ला निवासियों ने इस बात का विरोध करते हुए नारेबाजी की तो ठेकेदार काम को बीच में छोड़कर भाग गया। इलाका निवासियों ने कहा कि किसी भी कीमत पर घटिया किस्म का काम नहीं होने दिया जाएगा। अगर निगम निगम व मेयर ने इस बात की तरफ ध्यान न दिया, तो इसका नतीजा उनको आने वाले चुनावों में भुगतना पड़ेगा।