पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव स्पलाई मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (मार्कफेड) के अजीतवाल ब्रांच के अंतर्गत गांव कोकरी फुला सिंह में ओपन गोदाम (प्लैंथ) पर धावा बोलकर लुटेरों ने चौकीदारों को बंधक बना लिया। लुटेरे साथ लाए ट्रक में करीब पांच सौ बोरी गेहूं लादकर फरार हो गए। लूटे गए गेहूं की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही ही।
थाना अजीतवाल प्रमुख इंस्पेक्टर रविंदर सिंह ने बताया मार्कफेड के ब्रांच मैनेजर अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि गांव कोकरी फुला सिंह में सरबजीत ओपन गोदाम रविवार की रात चौकीदार नछत्तर सिंह, काला सिंह और महिंदर सिंह गांव झंडेआना ड्यूटी पर थे।
इन चौकीदारों ने बताया कि रात तकरीबन डेढ़ बजे गोदाम के मुख्य गेट पर थे। इस दौरान करीब डेढ़ दर्जन लुटेरों ने उन्हें बंदी बना कर कमरे में बंद कर दिया और धमकी दी कि शोर मचाया तो जान से हाथ धोने पड़ेंगे। उन्होंने अपनी जान बचाने की खातिर शोर नहीं मचाया।
कुछ हथियारबंद लुटेरे उनके पास पहरे पर खड़े हो गए और बाकी लुटेरे बोरियां लादने लगे। लुटेरे तकरीबन दो घंटे गोदाम में रहे। इंस्पेक्टर ने बताया जांच की जा रही है। अंदाजा 500 बोरी गेहूं लूटा गया है।
गौरतलब है कि बीती 22 मई को धर्मकोट में भी चौकीदारों को बंदी बनाकर मार्कफेड के ओपन गोदाम से तकरीबन सात लाख रुपये का गेहूं लूटा गया था, जिसका अब तक पुलिस सुराग नहीं लगा सकी। इस से पहले भी ओर स्थानों और ऐसी गेहूं लूटने की भेदभरी वारदातें हो चुकी हैं।