लोहा नगरी मंडी गोबिंदगढ़ में बुधवार की सुबह दो विभिन्न इलाकों में दो महिलाओं के कत्ल की खबर है। पहली घटना बिधि चंद कालोनी में सुबह दस बजे उस समय घटी जब घर में सास बहू अकेली थीं और बाकी सदस्य काम पर गए थे। दूसरी घटना राम नगर की है, जिसमें प्रवासी गर्भवती महिला का गला घोंटकर हत्या कर दी गई है।
बिधि चंद कालोनी निवासी महिला की पहचान साबरी खातुन (55) पत्नी मोहम्मद यूनिस तथा राम नगर निवासी गर्भवती महिला की पहचान गीता पत्नी राम लाल निवासी यूपी के तौर पर हुई है। साबरी खातुन पिछले पांच वर्ष से अपने परिवार सहित किराये के मकान में रह रही थीं। घटना के बाद मौके पर पुलिस पार्टी सहित पहुंचे एसएचओ नरिंदर सिंह और डीएसपी मनप्रीत सिंह और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम ने महिला के कमरे में गिरे खून के नमूने लिए। साथ ही आसपास के कई घरों के सीसीटीवी कैमरों से फुटेज भी ली है।
घर में मौजूद मृतका की बहू सादमा ने बताया कि सुबह दस बजे के आसपास उनके घर में दो लोग दाखिल हुए, जिनमें एक सरदार व्यक्ति था। दोनों ने आते ही अम्मी के सिर पर किसी चीज से वार कर दिया। उसने डर के मारे बाथरूम में अपने आप को बंद कर कुंडी लगा ली।
दोनों ने उसकी अम्मी का कत्ल कर दिया और फरार हो गए। इस मामले की जांच में जुटे एसएचओ नरिंदर सिंह ने अज्ञात लोगों पर कत्ल का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका पति रंगरोगन का काम करता है। उसके दो बेटे हैं। एक बेटा साथ रहता है। पुलिस मामले को चोरी की घटना से जोड़कर देख रही है।
वहीं रामनगर में 22 वर्षीय गर्भवती महिला गीता का हत्या की खबर बुधवार सुबह आठ बजे पता चली। पुलिस को जानकारी देते हुए मकान मालकिन सरोज रानी ने बताया कि गीता और उसके पति राम लाल पंद्रह दिन पहले ही उनके मकान में आए थे। दोनों में रोज झगड़ा होता था।
मंगलवार रात को भी दोनों में काफी झगड़ा हुआ था। सुबह मैं अपने किराये वाले मकान में आई और दरवाजा खटखटाकर देखा तो अंदर गीता की लाश पड़ी थी। मृतका का पति घर से गायब था।
मामले की जांच कर रहे एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि मृतका सात महीने की गर्भवती लगती है। यूपी में रहने वाले इसके मायके वालों को सूचित कर दिया गया है उनके आने पर ही कोई कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।