पटियाला में थाना जुल्कां के अधीन पड़ते गांव घड़ाम के नजदीक पुलिस को देख रहे भाग रहे नशा तस्करों ने अपनी तेज रफ्तार गाड़ी से दो युवकों को कुचल दिया। गंभीर घायल युवकों में से एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। दोनों युवक आपस में चचेरे भाई थे। वारदात के बाद फरार हुए तस्करों की गाड़ी की जब पुलिस ने तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों नशा तस्करों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से जगह-जगह छापामारी की जा रही है।
मृतक युवकों के रिश्तेदार सुखविंदर सिंह ने बताया कि रमनप्रीत सिंह व गुरसेवक सिंह उनके भतीजे थे। दोनों गांव नरौली में सत्संग में जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दुखदायी घटना हो गई। उन्होंने बताया कि रमनप्रीत सिंह इलेक्ट्रिलकल इंजीनियरिंग कर रहा था।
वारदात के बाद मौके से फरार हुए नशा तस्करों की पहचान हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी और लवप्रीत सिंह उर्फ लवली के तौर पर हुई है। दोनों सगे भाई हैं और थाना जुल्कां के अधीन पड़ते गांव मकबूलपुर भैणी के रहने वाले हैं। डीएसपी (ग्रामीण) गुरदेव सिंह धालीवाल ने बताया कि तस्करों की गाड़ी से 140 किलो डोडे पोस्त बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ थाना जुल्कां में केस दर्ज कर लिया है, लेकिन फिलहाल दोनों फरार हैं। जिनकी तलाश जारी है और जल्द दोनों को काबू कर लिया जाएगा।