पटियाला में मिला छोटा टाइम पीस।
- फोटो : अमर उजाला
पटियाला में मतदान से पहले समाना-पटियाला रोड पर नई अग्रवाल गौशाला के गेट के आगे खड़े एक मोटरसाइकिल पर टंगे बैग में बम होने की सूचना से दहशत फैल गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सील करके जांच के लिए जालंधर से बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। पड़ताल के बाद पाया कि यह बम नहीं, बल्कि एक छोटा टाइम पीस था, जिसे इस तरह से कवर करके रखा था कि यह बम लगे।
सोची समझी साजिश के तहत लोगों में दहशत पैदा करने के मकसद से ऐसा करने की आशंका जताई जा रही है। डीएसपी समाना प्रभजोत कौर ने इसकी पुष्टि करते माना कि बाइक पर टंगे बैग में विस्फोटक सामग्री नहीं थी। जांच की जा रही है कि यह सब किसने और क्यों किया। आरोपियों खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं बताया जा रहा है कि जिस मोटरसाइकिल पर बैग टंगा था, वह कुछ दिन पहले पटियाला के त्रिपड़ी से चोरी किया गया था।
अग्रवाल गौशाला प्रबंधक कमेटी के प्रधान अमित सिंगला और शिव सेना नेता प्रवीण शर्मा ने बताया कि गौशाला के मुख्य गेट के आगे बने बूथ के पास एक अज्ञात मोटरसाइकिल खड़ी थी, जिस पर एक बैग टंगा था। आसपास से गुजरने वाले लोगों ने बैग से टिकटिक की आवाज सुनाई देने पर मामले संबंधी गौशाला प्रबंधकों को बताया।
जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर पूरे इलाके को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी। मौके पर डीआईजी से लेकर एसएसपी तक सभी आला अधिकारी पहुंचे। लेकिन बाद में जांच में साफ हुआ कि यह कोई बम नहीं, बल्कि छोटा टाइम पीस था।