बुधवार रात गोरक्षा सेवा दल की ओर से मंडी गोबिंदगढ़ में एक पशु चर्बी से भरा ट्रक पकड़कर पुलिस थाने के सुपुर्द किया गया है।
वीरवार
सुबह गोरक्षा सेवा दल के अध्यक्ष सतीश कुमार, संत गोपाल दास ऋषिकेश और
स्वामी श्यामानंद समेत कई लोग थाना पहुंचे। सतीश कुमार ने बताया कि उन्हें
सूचना मिली थी कि मेरठ (यूपी) से 16.6 टन पशु चर्बी का भरा हुआ ट्रक
लुधियाना के फोकल प्वाइंट फेज-7 स्थित चंबा सोप फैक्टरी में भेजा जा रहा
है। उन्होंने ट्रक (पीबी10बीए-1711) को मंडी गोबिंदगढ़ में गुजरते वक्त घेर
लिया और उसे थाने ले गए।
पुलिस ने ड्राइवर हरिंदरजीत सिंह निवासी
गांव सोढीवाला फिरोजपुर को हिरासत में ले लिया है और वेटरिनरी डॉ. गुलजार
मोहम्मद और डॉ. अमृतपाल सिंह ने ट्रक से चर्बी के सैंपल भरकर जांच के लिए
जालंधर लैब भेज दिए हैं। थाना एसएचओ नरिंदर सिंह ने बताया कि उनके पास कुछ
लोग चर्बी से भरा ट्रक लेकर आए थे जिसकी जांच चल रही है। चर्बी के सैंपल
जालंधर लैब में भेजे गए हैं। रिपोर्ट में अगर प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती
है तो फैक्टरी मालिकों पर बनती कार्रवाई की जाएगी।
गोमांस तस्करी पर लगे एनडीपीएस एक्ट की धारा
हरियाणा
में गोवंश की सुरक्षा और गोचरांद भूमि पर जबरन कब्जे हटवाने को लेकर बड़े
अनशन पर बैठे संत गोपाल दास भी थाना पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि गोमांस
तस्करी पर एनडीपीएस एक्ट की धारा या 120-बी की धारा का प्रावधान होना चाहिए
और दोषी व्यक्ति को जमानत नहीं देनी चाहिए। इसके बारे में वह मुख्यमंत्री
को एक ज्ञापन सौंपने जा रहे हैं। जिस फैक्टरी में गोमांस प्रयोग होता है
उसे सरकार ब्लैकलिस्ट करे। पंजाब में जहां कहीं भी बूचड़खाने बनाए गए हैं,
उसे बंद किया जाए।