फसल बर्बाद होने से दुखी होकर बुधवार को आत्महत्या करने वाले गांव दादू
माजरा निवासी सुरजीत सिंह के घर वीरवार को प्रशासनिक अधिकारियों का मजमा लग
गया।
एडीसी श्रुति शर्मा, एडीसी (विकास) संजीव गर्ग और एसडीएम पूजा स्याल गरेवाल ने मृतक के परिवार से दुख सांझा किया।
इस
मौके पर अधिकारियों ने मृतक के बेटे कुलविंदर सिंह, उसकी बेटियों दलजीत
कौर, करमजीत कौर और जसबीर कौर, दामाद बलजिंदर सिंह और पोते हरमनजोत सिंह के
साथ दुख बांटा। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पंजाब सरकार परिवार के
साथ है।
उन्होंने मृतक सुरजीत सिंह के परिवार को जिला प्रशासन की तरफ से
हर संभव सहायता देने का भरोसा भी दिलाया। अधिकारियों ने एसडीएम गरेवाल को
हिदायत दी कि मृतक के परिवार की आर्थिक हालत के बारे में रिपोर्ट बनाकर
तुरंत सरकार को भेजी जाए।
जिला कांग्रेस के अध्यक्ष हरिंदर सिंह
भांबरी और विधायक कुलजीत सिंह नागरा ने कहा कि सुरजीत सिंह की तीन महीने
पहले बर्बाद हुई करीब आठ किला फसल की गिरदावरी करने तक कोई नहीं आया। अब
उनकी मौत के बाद प्रशासन जागा है। भांबरी ने कहा कि अगले तीन-चार दिनों में
मृतक सुरजीत सिंह के परिवार को इंसाफ दिलाने का खाका तैयार किया जा रहा है
अगर कोई सुनवाई न हुई तो पार्टी हाईकमान के निर्देश से संघर्ष का संघर्ष
शुरू किया जाएगा।