राजपुरा में पत्रकारों को घटना की जानकारी देते हुए एसपी राजपुरा आरएस सोहल व कंपनी के अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
राजपुरा के नजदीक सतनाम नगर में सोमवार दोपहर लुटेरों ने पिस्तौल दिखाकर दो लाख रुपये लूट लिए। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी पटियाला गुरमीत सिंह चोहान, एसपीडी दविंदर सिंह अत्री, एसपी राजपुरा आरएस सोहल, सीआईए स्टाफ पटियाला इंचार्ज विक्रमजीत सिंह बराड़ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
सतनाम नगर के एक घर में साटिन क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड के तहत फाइनेंस का कार्य किया जाता है। उक्त कंपनी के सहायक मैनेजर सतेश्वर सिंह ने बताया कि वह अपने स्टाफ पीयूष जायसवाल, नवतेज जायसवाल, उपिंदर कुमार सहित दफ्तर में मौजूद थे। दोपहर करीब एक बजे तीन लोग दफ्तर में आए और पानी मांगा। पानी पीने के बाद वह लोन के संबंध में बातचीत करने लगे।
जब बात चल रही थी तो उनमें से एक व्यक्ति अंदर बाहर आ जा रहा था। जैसे ही वह अंदर आया और उसने दरवाजे को कुंडी लगा दी। उसने उनके सिरपर पिस्तौल तानकर पैसे मांगे। जब उन्होंने कहा कि अभी तक उनके पास कोई भी फाइनेंस का पैसा नहीं आया तो वह धमकाने लगा। इसी दौरान स्टाफ के एक कर्मचारी ने कह दिया कि पैसे आ गए हैं तो वह दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। ऑफिस के सारे लोग बाथरूम में छिप गए।
उन्होंने पुलिस को बताया कि लुटेरों में से दो ने दस्तार बांधी हुई थी। एसपी राजपुरा राजिंदर सिंह सोहल ने बताया कि लुटेरे दो लाख रुपये की राशि लूटकर फरार हो गए हैं। उनके खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। राजपुरा को पूरी तरह सील कर दिया गया है। आरोपी जल्द ही पुलिस की पकड़ में होंगे।