समाना में एक निहंग सिंह की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत होने का मामला सामने आया है। पत्नी की लाश को सिविल अस्पताल में ही छोड़कर निहंग फरार हो गया, जिसे पुलिस ने काबू कर लिया है।
समाना सिटी थाना इंचार्ज बलविंदर कौर ने बताया कि समाना का निहंग बलविंदर सिंह अपनी पत्नी बलजीत कौर (30) को बेहद गंभीर हालत में लेकर वीरवार रात सिविल अस्पताल में आया। जहां इलाज के दौरान बलजीत कौर की मौत हो गई। घबराया बलविंदर सिंह पत्नी की लाश अस्पताल में ही छोड़कर फरार हो गया। अस्पताल प्रशासन ने मामला संदिग्ध होने के कारण इसकी सूचना संबंधित सिटी थाना को दी।
सिटी समाना पुलिस ने शुक्रवार को निहंग बलविंदर सिंह को काबू कर लिया है। उसके मुताबिक बलजीत कौर को मिरगी के दौरे पड़ते थे। वीरवार रात भी उसे मिरगी का दौरा पड़ा। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है, क्योंकि बलजीत कौर के गले पर निशान पाए जाने की बात सामने आ रही है। बलजीत कौर के मायके पटियाला से ही हैं।
थाना इंचार्ज ने बताया कि निहंग की पत्नी का जल्द पोस्टमार्टम कराया जाएगा। साथ ही उसके मायके वालों को भी सूचना दे दी गई है। मायके वाले जो बयान देंगे, उसके आधार पर कार्रवाई कर ली जाएगी। दोनों की शादी को पांच साल हो गए थे और इनके दो बच्चे भी हैं।