बठिंडा से पटियाला अपने मंगेतर के पास शादी की शापिंग करने आई लड़की संदिग्ध हालात में लापता हो गई। लड़की के परिवार वालों को शक है कि मंगेतर ने ही लड़की की हत्या कर दी है। परिवार वालों की शिकायत पर पटियाला के थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने मंगेतर के खिलाफ धारा 364 आईपीसी के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सुखचैन सिंह निवासी विश्वास कालोनी बठिंडा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी लड़की छपिंदरपाल कौर (28) की आरोपी नवनिंदरप्रीत पाल सिंह निवासी फेस-एक नजदीक सलारिया विहार अर्बन एस्टेट पटियाला के साथ जान पहचान थी। इस कारण दोनों का रिश्ता कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें - कुंडली बॉर्डर हत्याकांड: अब लखबीर के हाथ-पैर काटे जाने से पहले का वीडियो हुआ वायरल, निहंगों को बता रहा पैसे देने की बात
20 अक्तूबर को शादी की तारीख रखी गई पर बाद में आरोपी शादी कराने से टाल-मटोल करने लग गया था। 11 अक्तूबर को आरोपी ने उसकी लड़की को शादी की शापिंग कराने के बहाने पटियाला में बुलाया। इसके बाद 14 अक्तूबर को उसके लड़के को फोन करके कहा कि छपिंदरपाल कौर झगड़ा करके कहीं चली गई है और मोबाइल भी उसके पास ही रख गई है।
इसके बाद सुखचैन सिंह अपने परिवार के साथ 15 अक्तूबर को पटियाला पहुंचा और आरोपी के साथ अपनी लड़की की तलाश करने लगा लेकिन छपिंदरपाल के बारे कुछ पता नहीं लगा। इसी बीच 17 अक्तूबर को सुखचैन सिंह को पता चला कि आरोपी ने पहले ही किसी महिला के साथ शादी की है। जिस वजह से वह उसकी लड़की के साथ शादी कराने से टाल-मटोल कर रहा था। उसने आरोप लगाया कि साजिश के तहत आरोपी ने उसकी लड़की को पटियाला अपने पास बुलाकर उसका कत्ल कर दिया है या फिर कत्ल करने के इरादे से उसे किसी अज्ञात जगह पर बंदी बनाकर रखा हुआ है।