पूर्व कांग्रेसी सरपंच व उसके साथी को अकाली सरपंच व घग्गा थाना पुलिस की ओर से थाने में ही पीटने का मामला सामने आया था। आज इसी मामले में पुलिस ने पीड़ित पूर्व कांग्रेसी सरपंच, उसके साथी व कुछ अन्य लोगों पर केस दर्ज कर दिया है।
गरीब परिवारों को मकानों की मरम्मत के लिए सरकार से ग्रांट जारी हुई थी। गांव ककराला में पूर्व कांग्रेसी सरपंच हरप्रीत सिंह बब्बू व संबंधित परिवार अकाली सरपंच जसवंत सिंह के घर फार्म पर मुहर लगवाने व साइन कराने के लिए चले गए लेकिन सरपंच घर पर नहीं था। पत्नी ने मुहर लगाने से मना कर दिया। मामला उलझा तो सरपंच जसवंत सिंह ने 181 पर फोन कर दिया और उसकी पत्नी को अपशब्द कहने की शिकायत कर दी।
घग्गा पुलिस दोनों गुटों को थाने ले गई। वहां पुलिस के सामने दोनों गुट भिड़ गए। पूर्व कांग्रेसी सरपंच ने आरोप लगाए कि वहां पुलिस वालों व अकाली सरपंच ने मिल कर उसकी व उसके साथी दविंदर पाल सिंह के साथ मारपीट की। बाद में इस मामले को लेकर पीड़ितों के परिवार वालों व कांग्रेसियों ने पातडां रोड जाम कर दिया था।
आज उम्मीद था कि अकाली सरपंच के खिलाफ कार्रवाई होगी, लेकिन हुआ उल्टा। पूर्व कांग्रेसी सरपंच, उसके साथी व कई और लोगों के खिलाफ ही घग्गा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस ने जसवीर सिंह निवासी गांव ककराला के बयान पर की है। आरोप है कि पूर्व कांग्रेसी सरपंच हरप्रीत सिंह, उसके साथी दविंदर पाल सिंह, जगजीत सिंह, लाभ सिंह, हरी सिंह, जीत सिंह, सतपाल सिंह, अजमेर सिंह, नछतर सिंह, बिक्रमजीत सिंह, मेजर सिंह, लखविंदर सिंह, सनी समेत अन्य करीब 5 लोगों ने बस स्टैंड घग्गा के पास शिकायतकर्ता व अकाली सरपंच जसवंत सिंह के साथ मामूली लड़ाई झगड़े के बाद मारपीट की व जान से मारने की धमकियां दीं।
डीएसपी पातड़ां सवरनजीत सिंह ने कहा कि मेडिकल लीगल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई हुई है। किसी के साथ कोई बेइंसाफी नहीं हुई। शुतराणा के पूर्व कांग्रेसी विधायक निर्मल सिंह शुतराणा ने कहा कि पूर्व कांग्रेसी सरपंच को ही पुलिस व अकाली सरपंच ने पीटा और अब उसी पर केस डाल दिया। यह गलत है, इसके खिलाफ कांग्रेस आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब विधायक वनिंदर कौर लुंबा की शह पर हुआ है।