ड्रग्स और असलहा तस्करों की मदद करने वाले भाजपाइयों समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं की संपत्ति का ब्योरा खुफिया एजेंसियों ने जुटाया है। पिछले तीन वर्ष ने बनाई गई संपत्तियों का ब्योरा खुफिया एजेंसियों ने चंडीगढ़ भेजा है।
साथ ही आरोपी लखविंदर सिंह की रिश्तेदारी कथित तौर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा के ओएसडी पौथी और मल्लांवाला सर्कल के पूर्व प्रधान गुरचरण सिंह की भाजपा के पूर्व जिला प्रधान जोगराज सिंह कटोरा के साथ होने की बात कही जा रही है।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने हाल ही में तस्करों की मदद करने के आरोप में लखविंदर सिंह, भाजपा के पूर्व युवा मोर्चा के प्रधान जसपाल सिंह संधू उर्फ जिम्मी व मल्लांवाला सर्कल के पूर्व प्रधान गुरचरण सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने लखविंदर सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से चौदह लाख रुपये भी बरामद किए थे।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक तस्करों की मदद करने के आरोपी और अन्य भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पिछले तीन साल में जितनी संपत्ति बनाई है, उनका सारा ब्यौरा बनाकर चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा है। उसमें एक बात सामने आई है कि भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने तीन एकड़ जमीन करोड़ों रुपये की खरीदी है, जिस पर एक आयुर्वेदिक कालेज और अस्पताल बनाने की योजना है।
दिसंबर में जब कांग्रेस के प्रतिपक्ष नेता सुनील जाखड़ और फिरोजपुर शहरी हलके के विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने जिम्मी और पौथी के तस्करों के साथ संबंध होने का मुद्दा विधानसभा में उठाया था। जिम्मी का नाम अब फिर तस्कर अमृतपाल सिंह की मदद करने में आया है और मामला भी दर्ज हुआ है।
पौथी नाम का व्यक्ति अभी भी कमल शर्मा के साथ कार्य कर रहा है। ये रिपोर्ट भी खुफिया एजेंसी ने वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी है। सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने डीएसपी (सिटी) बलविंदर सिंह सेखों व पूर्व जिला प्रधान जोगराज सिंह कटोरा पर भी पैसे देने का आरोप लगाया है।
आरोपियों के खिलाफ एक अन्य पार्टी ने भी अदालत में बयान दर्ज करवाए हैं कि इन्होंने उनसे पैसे लिए थे। इस बयान के बाद कटोरा और सेखों भी फंसते नजर आ रहे हैं।