थाना सिटी पुलिस ने कनाडा भेजने के नाम पर 33.60 लाख रुपये की ठगी के आरोप में लुधियाना की एक ट्रेवल एजेंसी के संचालकों समेत 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पश्चिम बंगाल ले जाकर बंधक बना कर रखा गया।
इस मामले की जांच कर रहे जिला पुलिस की मानव तस्करी विंग इंचार्ज सब इंस्पेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि ठाना सिंह गांव कालिएवाला ने जिला पुलिस प्रमुख से शिकायत की थी कि उसके दोहते जगजीत सिंह गांव दारापुर और इकबालजीत सिंह जुझार नगर मोगा ने कनाडा जाने के लिए लुधियाना के हैबोवाल स्थित ट्रेवल एजेंसी स्काई वे इमीग्रेशन के मालिकों से सौदा तय किया था।
पुलिस अनुसार पीडितों ने आरोप लगाया कि तकरीबन 8 माह पहले ट्रेवल एजेंटों ने उन्हें पश्चिम बंगाल ले जाकर बंदी बना लिया और वहां डरा धमका कर घर फोन करवाया कि वह कनाडा पहुंच गए हैं। तय सौदे के मुताबिक एजेंटों को भुगतान कर दिया जाए।
पीड़ित का आरोप है कि ट्रेवल एजेंसी संचालकों ने उनके पास से 1.60 लाख रुपये की रकम आईसीआईसी बैंक के खातों में जमा करवाई थी और 32 लाख रुपये नकद लिए थे। पीड़ित कई दिन बाद भूखे रहकर घर पहुंचे और मां बाप को सारी बात बताई।
प्राथमिक तफ्तीश के बाद मोनिका मलक, उसके भाई सुमित मलक निवासी हैबोवाल लुधियाना, मनजिंदर सिंह निवासी फतेगढ़ साहिब,गुरजिंदर सिंह चीमा निवासी सुखचैन नगर, फगवाड़ा और मोहित बत्रा निवासी वार्ड नंबर 8 खन्ना खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।