इंफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) ने मनी लांड्रिंग केस में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर जगदीश सिंह भोला के माता-पिता, पत्नी समेत 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी। इन सभी आरोपियों को कोर्ट ने नोटिस जारी कर दिए हैं। आरोपियों को एक अगस्त को कोर्ट में पेश होकर अपना पक्ष रखने के आदेश हुए हैं।
बहुचर्चित मनी लांड्रिंग केस में शनिवार को जिला एवं सेशन जज एचएस मदान की कोर्ट में ईडी की तरफ से केस के 11 और आरोपियों की चार्जशीट पेश कर दी गई। इससे पहले इस मामले में ईडी भोला के अलावा 12 आरोपियों की चार्जशीट दाखिल कर चुकी हैं।
ईडी ने आज भोला के पिता शिंदर सिंह निवासी गांव कोंका जिला बठिंडा, भोला की मां बलतेज कौर, पत्नी गुरप्रीत कौर, ससुर दलीप सिंह, सास अमरजीत कौर के अलावा गुरमीत कौर, जगमिंदर कौर, जोगिंदर कौर, अवतार सिंह, संदीप कौर और बलजीत सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।
कोर्ट ने इन सभी आरोपियों को नोटिस जारी करके एक अगस्त को कोर्ट में पेश होकर अपना पक्ष रखने के आदेश दिए हैं। ईडी की तरफ से आज कोर्ट में असिस्टेंट डायरेक्टर निरंजन सिंह पेश हुए।
पटियाला कोर्ट ने ईडी को केस के बाकी 31 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट एक अगस्त को पेश करने के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि इस केस में कुल 55 आरोपी हैं। इनमें से ईडी भोला के अलावा 12 और आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पहले दाखिल कर चुकी है, जबकि 11 आरोपियों के खिलाफ शनिवार को चार्जशीट दाखिल की गई।
जिला एवं सेशन जज एचएस मदान की कोर्ट ने शनिवार को भोला के वकील सतीश करकरा की ओर से दाखिल याचिका को मंजूर करते हुए आर्थो रोड स्थित मुंबई जेल प्रशासन को प्रोडक्शन वारंट जारी कर दिया। इसमें कोर्ट ने जेल प्रशासन को भोला को एक अगस्त को पटियाला कोर्ट में पेश करने को कहा है, ताकि मनी लांड्रिंग केस में कार्यवाही आगे बढ़ सके।